भाजपा नेता ने कहा, ड्रग्स की तस्करी में शामिल हैं राहुल गांधी
हुबली। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष को ड्रग्स लेने की लत है और वे ड्रग्स की तस्करी करने में शामिल हैं। यह कहना है कर्नाटक भाजपा प्रमुख नलिन कुमार कतील का जो समाचार पत्रों की रिपोर्ट का हवाला देते हुए यह बात कह रहे थे। कर्नाटक कांग्रेस द्वारा पीएम मोदी पर की गयी टिप्पणी से खफा कतील ने कहा, देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाली कांग्रेस राजनीति को सबसे निचले स्तर पर ले आयी है।
कर्नाटक में 30 अक्टूबर को दो विधानसभा क्षेत्रों के लिए उपचुनाव होने हैं जिनके लिये भाजपा और कांग्रेस में जुबानी जंग चरम पर पहुंच चुकी है। मगर चुनावी जोश में नेताओं द्वारा दिये जा रहे बयानों से राजनीतिक मर्यादाएं तार-तार हो गयीं हैं। कर्नाटक कांग्रेस ने प्रधानमंत्री को अंगूठाटेक अनपढ़ बताकर पीएम पद की गरिमा को चोट पहुंचायी तो अब भाजपा ने राहुल गांधी को ड्रग एडिक्ट और ड्रग पेडलर बता दिया।
कर्नाटक भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख नलिन कुमार कतील ने मंगलवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को ड्रग्स लेने की लत होने की बात कही। उन्होंने राहुल गांधी पर ड्रग्स की तस्करी में शामिल होने का आरोप लगाया। हालांकि कतील ने यह भी कहा कि ऐसा वो नहीं बल्कि मीडिया रिपोर्ट कहती हैं।
कर्नाटक भाजपा प्रमुख ने कहा कि कांग्रेस का जी-23 कहता है कि सोनिया जी पार्टी अध्यक्ष नहीं हैं। लेकिन सोनिया गांधी खुद को राष्ट्रीय अध्यक्ष बताती हैं। वहीं राहुल गांधी अध्यक्ष बनने की बात कह रहे हैं। मुझे कोई बताये कि राहुल गांधी हैं क्या? राहुल गांधी ड्रग एडिक्ट और ड्रग पेडलर हैं जो पार्टी चलाने में असमर्थ हैं।
गौरतलब है कि कतील का गुस्सा कर्नाटक कांग्रेस की पीएम मोदी पर की गयी टिप्पणी के बाद भड़का था। कतील ने कहा कि देश
के पीएम के प्रति की गयी यह टिप्पणी कांग्रेस की गंदी राजनीति है। वहीं पीएम मोदी पर किये गये विवादित ट्वीट को लेकर कर्नाटक कांग्रेस ने पोस्ट डिलीट करने के साथ माफीनामा जारी किया है। अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कहा कि उक्त ट्वीट नागरिक और संसदीय भाषा के खिलाफ था।

