Site icon Buziness Bytes Hindi

Gujarat Chunavi Dangal: राहुल के गुजरात दौरे के दिन कांग्रेस को लगा झटका

आम आदमी पार्टी के गुजरात में घुसने से कांग्रेस पार्टी पहले ही काफी परेशान थी और अब कांग्रेस नेताओं के पार्टी छोड़ने के सिलसिले ने उसे और परेशान कर दिया है. राहुल गाँधी का सोमवार को गुजरात का दौरा है वहीँ इस दौरे से पहले बुरी खबर ये आयी है कि युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विश्वनाथ वाघेला के बाद गुजरात कांग्रेस के महासचिव विनय सिंह तोमर ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया. यह दोनों इस्तीफे कांग्रेस पार्टी के लिए एक बड़ा झटका माने जा रहे हैं. इन इस्तीफों से लोगों में यह सन्देश जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी में सबकुछ ठीक नहीं है. 

दरअसल भारत जोड़ो यात्रा से पहले राहुल गांधी गुजरात में आज कांग्रेस पार्टी के बूथ स्तर के पार्टी कार्यकर्ताओं की एक रैली को संबोधित करने पहुंचे हैं. उन्होंने अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट में परिवर्तन संकल्प सम्मेलन को संबोधित किया जिसमें बूथ स्तर कार्यकर्ताओं ने भारी संख्या में शिरकत की. लेकिन इससे पहले इन दो नेताओं ने इस्तीफ़ा देकर कांग्रेस पार्टी में हलचल मचा दी. 

Read also: UKSSSC Paper Leak Case: पेपर लीक मामले में उत्तराखंड में बवाल, सड़कों पर उतरे युवाओं ने किया प्रदर्शन

बता दें राहुल गांधी के दौरे के एक दिन पहले ही गुजरात युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विश्वनाथ सिंह वाघेला ने इस्तीफा दिया था. वहीं आज राहुल गाँधी दौरे के दिन कांग्रेस महासचिव विनय सिंह ने इस्तीफा देकर पार्टी को मुश्किल में डाला है. इन इस्तीफों से जहाँ कांग्रेस पार्टी हैरान है वहीँ भाजपा काफी खुश नज़र आ रही है. गुजरात बीजेपी प्रवक्ता रुतविज पटेल ने इस्तीफों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस से लोगों को जोड़ने के लिए यात्रा निकालने जा रहे हैं वहां लोगों ने कांग्रेस को ही छोड़ना शुरू कर दिया है.

Exit mobile version