Site icon Buziness Bytes Hindi

राहुल का दावा, सरकार बना रही है नया टैक्स स्लैब लाने की योजना

rahul gandhi

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को दावा किया कि केंद्र की मोदी सरकार आम आदमी की जरूरत की चीजों पर जीएसटी बढ़ाकर नया टैक्स स्लैब लाने की योजना बना रही है। अपनी सोशल मीडिया पोस्ट की एक श्रृंखला में नेता विपक्ष लोकसभा ने लिखा, ”सुना है कि GST से लगातार बढ़ते कलेक्शन के बीच सरकार नया टैक्स स्लैब लाने जा रही है, आपकी आवश्यक ज़रुरत की चीज़ों पर गब्बर सिंह टैक्स बढ़ाने की योजना है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि पूंजीपतियों को रियायत और आम लोगों की लूट का एक और उदाहरण देखिए। एक तरफ कॉरपोरेट टैक्स की तुलना में आयकर लगातार बढ़ रहा है। दूसरी तरफ मोदी सरकार गब्बर सिंह टैक्स के जरिए और पैसा वसूलने की तैयारी कर रही है।

राहुल गाँधी ने आगे कहा, जरा सोचिए- अभी शादियों का सीजन चल रहा है। लोग एक-एक पैसा बचा रहे होंगे और इसी बीच सरकार 1500 रुपये से अधिक के कपड़ों पर जीएसटी 12% से बढ़ाकर 18% करने जा रही है। राहुल गांधी ने कहा कि यह घोर अन्याय है – अरबपतियों को टैक्स में छूट देने और उनके भारी कर्ज को माफ करने के लिए गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों की मेहनत की कमाई पर कर लगाना। कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी पार्टी की लड़ाई इस “अन्याय” के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि पार्टी आम लोगों पर करों के बोझ के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाती रहेगी और सरकार पर “इस लूट” को रोकने के लिए दबाव बनाएगी।

Exit mobile version