Site icon Buziness Bytes Hindi

महाराष्ट्र में राहुल ने फूंका चुनावी बिगुल

rahul

एक तरफ हरियाणा में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है वहीँ कांग्रेस नेता राहुल गाँधी आज महाराष्ट्र पहुँच गए और शिवाजी महाराज को लेकर भाजपा पर हावी हो गए, ये भी कह सकते हैं कि कुछ दिनों बाद महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए उन्होंने अपना प्रचार अभियान शुरू कर दिया। राहुल गाँधी आज कोल्हापुर में ‘संविधान सम्मान सम्मेलन’ को सम्बोधित कर रहे थे, इस अवसर पर उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति का अनावरण भी किया। उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन शिवाजी महाराज के दिखाए रास्ते पर चल कर उनकी विचारधारा की रक्षा कर रहे हैं, क्योंकि उनकी सोच ही भारत के संविधान में समाहित है। भाजपा उसी विचारधारा के विरुद्ध खड़ी हो कर संविधान को नष्ट करने की कोशिश में लगी है।

राहुल गाँधी ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि नीयत के इसी फर्क के कारण भाजपा और उनके साथियों द्वारा बनाई छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति तक ने खंडित हो कर उनका साथ छोड़ दिया। कांग्रेस नेता ने कहा कि शिवाजी महाराज की सोच दिल में ले कर चल रहा हूं. देश के संविधान, संस्थाओं और गरीबों की रक्षा की लड़ाई लड़ता रहूंगा। छत्रपति शिवाजी महाराज की विचारधारा की रक्षा करने में भाजपा की नीयत सही नही थी, इसलिए उनके द्वारा बनवाई गई मूर्ति ढह गई!

राहुल गाँधी ने कहा कि कांग्रेस का ये वादा है कि सरकार बनने पर 50% आरक्षण की सीमा को हटाएंगे और पूरे देश में जातिगत जनगणना कराएंगे। राहुल ने कहा कि जैसे ही वो जातिगत जनगणना की बात करते हैं तो बहजपा के लोग परेशान हो जाते हैं और कहते हैं कि ये नहीं होना चाहिए। दरअसल BJP के लोग नहीं चाहते कि जनता को सच पता चले और वो जान सके कि देश को चलाने का सिस्टम किसके हाथ में है। लेकिन कांग्रेस पार्टी जातिगत जनगणना कराकर लोगों को ये सच ज़रूर बताएगी, उसे ऐसा करने से कोई नहीं रोक सकता।

राहुल ने कहा कि देश में पब्लिक सेक्टर थे, इनमें रिजर्वेशन था और लोगों को रोजगार मिलता था। लेकिन मोदी सरकार ने पब्लिक सेक्टर यूनिट्स को प्राइवेटाइज करना शुरू कर दिया जिससे रिजर्वेशन भी खत्म हो गया। ये निजीकरण से ज्यादा डि-रिजर्वेशन था और RSS-BJP ये काम कई वर्षों से कर रही है। नेता विपक्ष ने कहा, पहले युवा सेना में जाता था तो सरकार कहती थी कि आपने देश सेवा की है इसलिए हम आपको, आपके परिवार को सुविधाएं देंगे। देश सेवा में जो जवान शहीद होते थे, उन्हें शहीद का दर्जा मिलता था। लेकिन अग्निवीर योजना लाकर मोदी सरकार ने शहादत का दर्जा भी छीन लिया.

राहुल गाँधी ने कहा, महाभारत के समय के चक्रव्यूह का ज़िक्र करते हुए कहा कि चक्रव्यूह को दरअसल पद्मव्यूह कहते हैं जिसे 6 लोग कंट्रोल करते थे. आज भी इस देश को चक्रव्यूह की तरह 6 लोग चला रहे हैं, जिन्होंने देश के 90% लोगों के रास्ते बंद कर दिए हैं। अडानी-अंबानी देश में हर तरह का बिजनेस कर सकते हैं लेकिन अगर देश का गरीब आदमी बिजनेस करना चाहेगा तो उसके रास्ते बंद कर दिए जाएंगे।

Exit mobile version