Site icon Buziness Bytes Hindi

संविधान हाथ में उठाकर राहुल, अखिलेश ने ली शपथ, पप्पू यादव ने किरण रिजुजू को दिखाई औकात

shapath

यूपी में भाजपा को धूल चटाने वाले दो लड़कों की जोड़ी ने मंगलवार को सांसद पद की शपथ ली. राहुल और अखिलेश दोनों ही नेताओं ने जब शपथ ली तो उनके हाथ में संविधान की कॉपी थी. राहुल गाँधी ने ‘जय हिंद, जय संविधान’ के नारे के साथ शपथ ग्रहण का समापन किया. इसके अलावा पूर्णिया से बतौर आज़ाद उम्मीदवार के रूप में जीतने वाले पप्पू यादव ने भी आज शपथ ली. खास बात ये रही कि उनके शपथ लेते समय सत्तापक्ष की तरफ से टोकाटाकी हुई जिसका नेतृत्व संसदीय कार्यमंत्री किरण रिजुजू कर रहे थे, पप्पू यादव ने उन्हें करारा जवाब दिया।

राहुल गांधी ने एक हाथ में लाल रंग की संविधान की कॉपी उठाते हुए अंग्रेजी में शपथ ली और उसके बाद जय हिंद और जय संविधान का नारा लगाया, इस दौरान विपक्ष की तरफ से उनका ज़ोरदार अभिवादन किया गया. कुछ ऐसा ही नज़ारा उस समय भी दिखा जब सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शपथ ली. अखिलेश ने जब शपथ ली तो उनके हाथ में नीले रंग की संविधान की प्रति थी. दरअसल संसद के इस सत्र में संविधान पुस्तिका एक परिचित दृश्य के रूप में उभरी है, विपक्षी दल के सांसदों ने कल एक प्रदर्शन में संविधान की प्रतियां उठाईं. विपक्ष के कई सांसदों ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें उन्हें संविधान पुस्तिका पकड़े देखा जा सकता है. समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव अपने सांसदों के साथ संविधान की प्रति को लहराते हुए संसद भवन पहुंचे.

आज सदन में सबसे बेहतर नज़ारा उस समय देखने को मिला जब शपथ लेने के बाद पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजुजू से कहा कि आप कृपा पर जीते होंगे लेकिन मैं अपने दम पर जीता हूँ, आज़ाद उम्मीदवार के रूप में चौथी बार जीता हूँ , मैं छठी बार सांसद बना हूँ और आप मुझे सिखाएंगे कि संसद में क्या बोलना चाहिए। दरअसल पप्पू यादव जब शपथ लेने गए तब उनके गले में RENEET के तख्ती लटक रही थी. उन्होंने शपथ लेने के बाद नीट एग्जाम दोबारा कराने और बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग भी की जिसपर किरन रिजुजू ने आपत्ति दर्ज की और पप्पू यादव से उन्हें करारा जवाब मिला।

Exit mobile version