Site icon Buziness Bytes Hindi

केरल में प्रियंका का तूफानी चुनावी दौरा, भाजपा पर वार

priyanka gandhi

केरल में आज कांग्रेस पार्टी महासचिव प्रियंका गाँधी का तूफानी चुनावी दौरा था, इस दौरान उन्होंने दो बड़ी चुनावी सभाओं का सम्बोधित किया और शशि थरूर के समर्थन में थिरुवनंतपुरम में एक भव्य रोड शो भी किया। प्रियंका गाँधी ने चुनावी सभाओं में अपने सम्बोधन में भाजपा और राज्य में सत्ता रूढ़ गठबंधन LDF पर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने जहाँ भाजपा पर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को दरकिनार करने का आरोप लगाया वहीँ लेफ्ट सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला करते हुए कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि वो महिलाओं के अधिकारों के लिए लड़ने का दावा कर रहे हैं लेकिन उनकी सरकारें बलात्कारियों का संरक्षण कर रही हैं. प्रियंका ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि संविधान किसी भी हालत में नहीं बदला जायेगा दूसरी तरफ ‘‘प्रधानमंत्री के लोग’’ सार्वजानिक मंचों पर खुले आम कह रहे हैं कि भाजपा को 400 सीटें जिताइये ताकि संविधान को बदला जा सके. प्रियंका ने कहा कि भाजपा उस संविधान को बदलना चाहती है जो हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के खून से लिखा गया। प्रियंका ने कहा कि जब वह भारत के संस्थापक सिद्धांतों के तबाही की बात करती हैं तो कुछ लोग उनसे कहते हैं कि नया भारत बन रहा है। हमें जिस नए भारत के बारे में बताया जा रहा है, वह ऐसा भारत है जहां ताकत, सच्चाई पर हावी रहती है, लोकतांत्रिक प्रक्रिया को दरकिनार कर कानून बनाए जाते हैं और इन्हें लोगों पर उनकी इच्छा के विरुद्ध लागू किया जाता है।

कांग्रेस नेत्री ने दावा किया कि सरकारी नीतियां प्रधानमंत्री के चंद मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए बनाई जा रही हैं जबकि जनता को बेरोजगारी और गरीबी की ओर धकेला जा रहा है। प्रियंका ने कहा कि ‘सरकार बलात्कारियों का संरक्षण करती है, महिलाओं का उत्पीड़न करने वालों का बचाव करती है, अपने प्रशासन की पूरी ताकत का उपयोग करके जघन्य अपराधों की पीड़िताओं को बदनाम करती है. भाजपा वाले भारत के संविधान को सिर्फ कागज़ का एक टुकड़ा समझते हैं. प्रियंका ने कहा कि भाजपा के नए भारत में सत्ता में बैठे लोग महिलाओं को बताते हैं कि क्या पहनना है, वो यह तय करने का अधिकार होने का दावा करते हैं कि महिलाएं किससे प्रेम कर सकती हैं और किससे शादी कर सकती हैं।

प्रियंका ने इलेक्टोरल बांड का ज़िक्र करते हुए कहा कि ये जबरन वसूली का एक रूप है, कानून की रक्षा करने वाली सरकारी एजेंसियों को ‘‘गैरकानूनी तरीके से जबरन वसूली करने वाली संस्थाओं में बदला जा रहा है। भाजपा के नए राष्ट्र में न्यायपालिका को धमकाया गया है चीनी अतिक्रमण को लेकर लद्दाख में हो रहे विरोध प्रदर्शनों को दबाया जा रहा है, भाजपा के नए राष्ट्र में असहमति की आवाज़ों को दबाया जा रहा है। सरकार के खिलाफ बोलने वालों को, असहमति जताने वालों को जेल में डाला जा रहा है.

Exit mobile version