प्रियंका का सॉफ्ट हिंदुत्व भाजपा के विचारों की जीत

उत्तर प्रदेशप्रियंका का सॉफ्ट हिंदुत्व भाजपा के विचारों की जीत

Date:


प्रियंका का सॉफ्ट हिंदुत्व भाजपा के विचारों की जीत

सहारनपुर पहुंची प्रियंका गांधी के मंदिर जाने पर राज्यमंत्री ने कसा तंज
योगी सरकार में राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने की विवादित टिप्पणी

सुनील शर्मा

न्यूज डेस्क। कृषि कानूनों के विरोध में सहारनपुर में महापंचायत को संबोधित करने पहुंची कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के मंदिर जाने पर यूपी के राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि उनका मंदिर जाना भाजपा के विचारों की जीत है। गौरतलब है कि बुधवार को सहारनपुर के चिलकाना में आयोजित किसान महापंचायत को संबोधित करने से पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की थी। प्रियंका गांधी ने माथे पर टीका लगाकर रैली को संबोधित किया था। इसको लेकर राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शर्मा ने विवादास्पद टिप्पणी करते हुए इसे प्रियंका गांधी का सॉफ्ट हिंदुत्व बताया है।

वेस्ट यूपी में राजनीतिक जमीन तलाश रही कांग्रेस को किसान आंदोलन में आशा की किरण दिखाई दी है। रालोद भी किसानों को लुभाने के लिये लगातार महापंचायतों का आयोजन कर रही है। अब कांग्रेस ने भी वेस्ट यूपी के मैदान पर उतरकर किसानों का दिल जीतने का प्रयास शुरू कर दिया है। कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी खुद अभियान की कमान संभाले हुए हैं। इसकी शुरूआत आज सहारनपुर के चिलकाना में आयोजित महापंचायत को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कांग्रेस के किसानों के साथ खड़े होने का ऐलान करते हुए पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा।

महापंचायत को संबोधित करने से पहले प्रियंका गांधी ने मां शाकुंभरी सिद्ध पीठ मंदिर में पूजा की। बताया गया कि भूरा देव मंदिर में करीब दस मिनट तक पूजा करने के बाद प्रियंका गांधी ने मां शाकुंभरी मंदिर में 25 मिनट तक बैठकर ध्यान लगाया। इसके बाद प्रियंका शंकराचार्य आश्रम पहुंची। जब प्रियंका गांधी महापंचायत को संबोधित करने पहुंचीं तो उनके माथे पर टीका लगा हुआ था। इसको प्रियंका गांधी का यूपी के पूर्व सीएम और सपा नेता अखिलेश यादव की तरह सॉफ्ट हिंदुत्व अपनाया जाना माना जा रहा है।

प्रियंका गांधी के मंदिर जाने और टीका लगाकर महापंचायत को संबोधित करने को लेकर गोरखपुर में योगी सरकार में राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला की टिप्पणी विवाद को जन्म देने वाली है। आनंद स्वरूप शुक्ला ने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी का बढ़ता वैचारिक प्रभाव है कि जिनके पूर्वज अपने को दुर्घटना से हिन्दू बताया करते थे, जिनके भाई पाकिस्तान प्रायोजित आंतकवाद से अधिक हिन्दू आतंकवाद की बात करते थे। यही नहीं, जो लोग अयोध्या को अपने हाल पर छोड़ रखे थे। आज अगर उनके मन में हिन्दू देवी-देवताओं के प्रति कोई आदर आ रहा है तो निश्चित रूप से यह भारतीय जनता पार्टी के विचारों की विजय है।

वहीं किसान महापंचायत को लेकर राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने कहा कि 55 सालों तक देश में राज करने वाली कांग्रेस ने किसानों को बुरे हाल पर पहुंचा दिया था। 2014 में मोदी सरकार के आने के बाद किसानों की हालत में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि देश के किसान आज पीएम के कृषि सुधार अधिनियम के साथ खड़े हैं।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related