Site icon Buziness Bytes Hindi

पटना साहिब गुरद्वारे में सेवा या सिख वोटर्स को लुभाने का प्रयास कर रहे प्रधानमंत्री मोदी

modi

पारुल सिंहल

पटना साहिब गुरुद्वारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सेवा करने का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा। रिपोर्ट्स के मुताबिक सिर पर पीली पगड़ी बांधे, सफेद चूड़ीदार कुर्ते पजामे के साथ जैकेट में पटना के हरमंदिर साहिब गुरुद्वारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न केवल माथा टेका। बल्कि अपने हाथ से खाना बनाकर लंगर में भी सेवा की। प्रधानमंत्री ने यहां रोटियां बनाई। दाल बनाई और इसके बाद पंगत को खाना भी परोसा। इस दौरान उनके साथ लगातार उनकी सिक्योरिटी भी शामिल रही। पटना साहिब में पहुंचे प्रधानमंत्री के इस दौरे को चुनाव के मद्देनजर सिख समुदाय को रिझाने की नजर से देखा जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बीते काफी समय से पंजाब में किसान आंदोलन सर चढ़ा हुआ है यहां भाजपा की स्थिति काफी खराब है। सिखों तक अपना संदेश पहुंचाने और उन्हें लुभाने के लिए प्रधानमंत्री ने यह तरीका अपनाया।

भाजपा ले रही फायदा

यह पहली बार नहीं है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसी निश्चित वेशभूषा पहनकर विशेष समुदाय को प्रभावित करने का प्रयास न किया हो। इससे पहले भी वह केदारनाथ हो, रघुनाथ मंदिर हो, काशी हो, उज्जैन हो या कोई और धर्म स्थान हो,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलग-अलग वेशभूषा पहनकर स्थान विशेष के समुदाय को लुभाने का खूब जतन किया है। जिसका फायदा भी समय समय पर भाजपा को खूब हुआ है। देशभर के किसानों के साथ ही पंजाब के किसान भी भाजपा से खासे नाराज़ हैं। बिहार जैसे राज्य में भी सिख समुदाय की संख्या काफी है। विश्लेषकों का कहना है की सिखों की नाराजगी दूर करने के लिए ही प्रधानमंत्री ने यह हथकंडा अपनाया और भाजपा को चुनाव में फायदा दिलाने का प्रयास किया है।

पटना से दिल्ली साधने का प्रयास

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पटना दौरे से दिल्ली साधने का प्रयास कर रहे हैं। विश्लेषकों का मानना है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जेल जाने के बाद से ही भाजपा की काफी फजीहत हुई है। विपक्ष ने इस मामले को लेकर भाजपा पर सीधा हमला बोला हुआ है। ऐसे में पटना दौरे के चलते ही दिल्ली की जनता को साधने का प्रयास भी भाजपा कर रही है। विश्लेषकों का मानना है कि दिल्ली में सिख मतदाताओं की भारी संख्या है यहां तक की दिल्ली सीट पर हार जीत का फैसला करने के लिए यह संख्या काफी है। सिख समुदाय में पटना में हरमिंदर सिंह साहब गुरुद्वारे का विशेष स्थान है। अपने धर्म स्थान में प्रधानमंत्री द्वारा सेवा करने और लंगर परोसने जैसे कार्यों को करता देख समुदाय विशेष प्रभावित हो सकता है। जिसका फायदा इन चुनावों में भाजपा को जा सकता है।

Exit mobile version