Site icon Buziness Bytes Hindi

Food Inflation: बाढ़-बारिश से महंगाई बेलगाम, टमाटर के साथ इन सब्जियों के दाम 100 रुपए के पार

3j09

Food Inflation: टमाटर की कीमतें अभी 150 से 200 के बीच चल रही हैं। टमाटर के भाव अभी कम होने के कोई आसार नहीं हैं। सब्जी व्यापारियों के मुताबिक, भारी बारिश के कारण सप्लाई चेन में रुकावट के चलते सब्जियों के दाम में बढ़ोतरी हुई है। इस समय मिर्च, फूलगोभी, अदरक जैसी अन्य सब्जियों के दाम भी सामान्य से अधिक हो गए हैं। इसके अलावा कद्दू, शिमला मिर्च, बैंगन, गोभी के दाम भी बढ़ गए हैं। देश में चारों ओर मूसलाधार बारिश का असर अब रोजमर्रा की चीजों पर दिखाई दे रहा है। उत्तरी राज्यों के जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण सब्जियों-फलों की कीमतें आसमान छू रही हैं। बाढ़ और बारिश के कारण राज्यों की मंडियों में सब्जियों की आवक काफी घटी है। इसके कारण आने वाले कुछ दिनों में सब्जी के दाम अधिक तेजी से बढ़ने की उम्मीद है।

कीमतों में कमी आने की कोई उम्मीद नहीं

कारोबारियों का कहना है कि बारिश रूकने से पहले कीमतों में कमी आने की कोई उम्मीद नहीं है। इस समय सड़कें बंद हैं और खेत-खलिहानों और मैदान सब पानी से लबालब हैं। लोगों को जरूरी चीज़ें सब्जियां और फल खरीदने के लिए अधिक खर्च करना पड़ रहा है। उत्तर भारत के राज्यों में तेज बारिश और बाढ़ की स्थिति होने से वाहन रास्ते में फंसे हैं। जो राज्यों की सब्जी मंडी में नहीं पहुंच पा रहे हैं। क्षेत्रों के खेतों में लगी सब्जियां डूब गई हैं। इससे बाजार में आपूर्ति कम है। इसके चलते दाम काफी बढ़ गए हैं। वहीं पानीपत और सोनीपत जैसे इलाकों से सब्जियां बाजार में नहीं पहुंच पा रही हैं।

मंडी में सब्जियों की अधिक बिक्री नहीं


व्यापारियों का कहना है कि बारिश के चलते मंडी में सब्जियों की अधिक बिक्री नहीं हुई। मंडी में प्याज की 55 गाड़ियां आईं। जबकि सामान्य दिनों में 70 गाड़ियां आती रहती हैं। मंगलवार को स्थिति ऐसी ही रही। बारिश के कारण सब्जियां तेजी से खराब होती हैं। जिसकी वजह से आने वाले दिनों में सब्जियां महंगी होने के आसार हैं। सोमवार को हिमाचल से टमाटर की आवक काफी कम रही है। जिससे टमाटर के और महंगा होने की उम्मीद है।

बैंगन का भाव काफी बढ़ गया

शिमला मिर्च, गोभी, कद्दू, बैंगन का भाव काफी बढ़ गया है। एक महीने पहले अदरक 100 रुपए किलो था और आज यह 400 रुपए किलो हो गया है। आजादपुर मंडी में टमाटर की कीमत 100 से 120 रुपए प्रति किलो है। बाजार में गोभी की कीमत 150 से 200 रुपए प्रति किलो हो गई है। प्याज की कीमत 30 से 40 रुपए प्रति किलोग्राम है। धनिया का भाव 110 रुपए प्रति किलो से अधिक है। मिर्च की 150 रुपए प्रति किलो, शिमला मिर्च 120 रुपए किलो है। बाजार में बींस 120 रुपए प्रति किलो, भिंडी 80 रुपए किलो, करेला 80 रुपए किलो, लहसुन 200 रुपए किलो, लौकी 40 से 60 रुपए किलो बिक रहा है।

Exit mobile version