Site icon Buziness Bytes Hindi

रामलला के दर्शन करेंगे राष्ट्रपति, चप्पे-चप्पे पर है सुरक्षा की पैनी नजर


रामलला के दर्शन करेंगे राष्ट्रपति, चप्पे-चप्पे पर है सुरक्षा की पैनी नजर

लखनऊ। अयोध्या में आज रामलला के दर्शन के लिए जा रहे राष्ट्रपति की प्रेसिडेंशियल ट्रेन की सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रयागराज के एसपी रेलवे सिद्धार्थ शंकर मीणा को सौंपी गई है। राष्ट्रपति की ट्रेन जिस रूट से गुजरेगी, उसकी सुरक्षा की निगरानी संबंधित थाना पुलिस के साथ जीआरपी भी तैनात की गई है।

राष्ट्रपति की प्रेसिडेंशियल ट्रेन शनिवार देर रात लखनऊ पहुंची। यहां पर इस ट्रेन के रैक को कड़ी सुरक्षा के बीच रखा जाएगा। रेलवे विशेष सुरक्षा बल के जवान रैक की निगरानी करेंगे। आरपीएफ और जीआरपी जवानों की मौजूदगी में रेलवे के मैकेनिकल व इलेक्ट्रिकल विभाग के कर्मचारी प्रेसिडेंशियल ट्रेन के रैक की जांच करेंगे।

चारबाग रेलवे स्टेशन से प्रेसिडेंशियल ट्रेन आज सुबह 9:10 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन 2.20 घंटे 134 किलोमीटर का सफर तय कर अयोध्या पहुंचेगी। स्टेशन के मुख्य पोर्टिको से होकर राष्ट्रपति प्लेटफार्म नंबर एक पर जाएंगे। प्लेटफार्म नंबर एक तक राष्ट्रपति एक आर्ट गैलरी से गुजरेंगे।

चारबाग स्टेशन को सुरक्षा के लिहाज से कई सेक्टर में बांटा गया है। जीआरपी, आरपीएफ और जिला पुलिस ने चारबाग स्टेशन के पार्सल घर , रेल डाक सेवा और पार्किंग स्टैंड जैसे स्थलों की सुरक्षा कड़ी कर दी है। पैदल पुल पर भी आरपीएफ जवानों की तैनाती श्वान दस्ते के साथ की गई है।

Exit mobile version