- पीड़ित परिजनों ने किया हंगामा
बुलंदशहर। पहासू इलाके में एक परिवार में उस वक्त कोहराम मच गया जब झोलाछाप डॉक्टर के यहां ईलाज कराकर वापस घर लौटी गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने आरोपी झोलाछाप डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए मृतका के शव को उसके क्लीनिक के बाहर रखकर हंगामा काटा। बड़ी बात ये है कि आरोपी डॉक्टर पर हॉटस्पॉट इलाके में मरीज देखने का आरोप है।
बताया गया कि पहासू थाना क्षेत्र के गाँव फतेहाबाद की रहने वाली गर्भवती महिला को बुखार और पेट दर्द की शिकायत होने पर आरोपी डॉक्टर के पहासू में स्थित क्लीनिक पर लाया गया था, आरोप है कि इस दौरान आरोपी डॉक्टर ने मृतका को कई इंजेक्शन दिए, जिसके बाद मृतका के परिजन मृतका को रात में वापस घर ले गए, जहां आज सुबह मृतका की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने मृतका के शव को आरोपी डॉक्टर के क्लीनिक के बाहर रख दिया और डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पड़ोसी लाल सिंह का कहना है डॉक्टर की लापरवाही से महिला की मौत हुई है। इसकी शिकायत पहासू थाने में कर दी गई है। वहीं पुलिस जांच की बात कह रही है।

