नए साल में बिजली की दरों में 23 प्रतिशत तक बढ़त होने की ख़बरों के बीच सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर ज़ोरदार हमला बोला है. सपा मुखिया ने कहा कि प्रदेश में मंहगी बिजली से आम जनता पहले से ही त्रस्त है और उसपर मंहगाई की और मार देने की भाजपा सरकार तैयारी कर रही है. बता दें कि कल अख़बारों में खबर छपी थी कि प्रदेश की योगी सरकार 23 प्रतिशत तक बिजली की दरें बढ़ाने जा रही है.
जनता की कमर टूटना तय
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने विधानसभा चुनाव में किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली देने का वादा किया था लेकिन चुनाव बाद वादा झूठा निकला और जुमला साबित हुआ है। आम जनता पहले से ही मंहगाई की मार झेल रही है, अब बिजली की दरें बढ़ने से आम जनता और किसानों की कमर टूटनी तय है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार बिजली का बिल बढ़ाकर तमाम आवश्यक चीजों पर मंहगाई बढ़ाने की साज़िश रच रही है। अखिलेश ने कहा कि सरकारें तो लोक कल्याण के लिए होती है लेकिन भाजपा जनविरोधी पार्टी है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा जनता की जेब पर डकैती डालना अब बंद करे.
जोशीमठ पर अखिलेश ने क्या कहा
इससे पहले कन्नौज में अखिलेश यादव ने जोशी मठ के सवाल पर कहा कि यह बहुत बड़ी चिंता का विषय इसलिए है कि अगर हमारे पहाड़ों पर जमीन फट रही है तो समझ लेना चाहिए कि कहीं ना कहीं हमने कुछ चीजों को नजरअंदाज किया है। अखिलेश ने कहा कि अगर हम साइंस की एप्रोच को और पर्यावरण की एप्रोच को नहीं मानेंगे तो ऐसी घटनाओं का घटित होना आवश्यक है। अखिलेश ने उम्मीद जताई कि सरकार विशेषज्ञों का सहयोग लेगी और जो नुक्सान जोशीमठ में हुआ है उसे और बढ़ने से रोकेगी.

