नई दिल्ली। नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी द्वारा राहुल गांधी से पूछताछ के मामले ने अब राजनीतिक रंग लेना शुरू कर दिया है। अभी तक तो इस मामले में कांग्रेसी ही सड़क पर मोर्चा संभाले हुए थे। लेकिन अब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी सोशल प्लेटफार्म पर सक्रिय हो गए हैं और कांग्रेसी सांसद राहुल गांधी के पक्ष में आ गए हैं। बता दें कि इस समय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) आफिस तीसरे दिन पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इसके विरोध में कांग्रेसी नेता लगातार तीन दिन से हंगामा और विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। आज कांग्रेस का ये प्रदर्शन हिंसक हो गया। कांग्रेसियों ने नई दिल्ली की सड़कों पर टायर जलाकर इसका विरोध प्रदर्शन किया। राहुल गांधी से ईडी द्वारा की जा रही पूछताछ के तीसरे दिन यानी आज बुधवार को मामले में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज किया है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर केन्द्र सरकार और ईडी पर निशाना साधा है।
Also read: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से आज लगातार तीसरे दिन भी ईडी करेगी पूछताछ
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट करके कहा है कि ईडी का फुल फार्म एग्जामिनेशन इन डेमोक्रेसी है। उन्होंने कहा कि राजनीति में विपक्ष को ये परीक्षा पास करनी जरूरी है। सरकार फेल हो जाने के बाद इस परीक्षा की घोषणा करती है। जिनकी तैयारी अच्छी है वो न तो लिखा-पढ़ी की परीक्षा से डरते हैं और न मौखिक से। कभी डरना भी नहीं चाहिए। बता दें नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेसी सांसद राहुल गांधी से ईडी यानी प्रवर्तन निदेशालय की टीम तीन दिन से पूछताछ कर रही है। नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी ने राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी समन भेजा है। लेकिन सोनिया गांधी कोरोना पाजिटिव होने के कारण सरगंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं। वो स्वास्थ्य कारणों से पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं हो पाई हैं। ईडी की पूछताछ के विरोध में कांग्रेसी नेताओं का प्रदर्शन आज भी जारी रहा है।

