स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले महाराष्ट्र की सत्ता पलट शिंदे सरकार में मंत्रियों के विभागों की सूची अंततः जारी हो गयी और उम्मीद के मुताबिक दो सबसे महत्वपूर्ण मंत्रालय भाजपा से उपमुख्यमंत्री बने देवेंद्र फडणवीस को मिले हैं, यह विभाग हैं गृह और वित्त। इसके अलावा सात और विभाग भी फडणवीस संभालेंगे वहीँ मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे शहरी विकास समेत 15 विभाग संभालेंगे। मंत्रियों के पोर्टफोलियो राज्यपाल भगत सिंह कोशियारी की मंजूरी के बाद घोषित किया गया है.
दुसरे मंत्रियों की बात करें तो शिंदे गुट से गुलाब राव पाटील को जल आपूर्ति और स्वच्छता विभाग, संजय राठोड़ अन्न और औषधि विभाग, संदीपन भुमरे को रोजगार गारंटी और बागवानी विभाग, दादा भुसे को बंदरगाह और खदान विभाग, अब्दुल सत्तार को कृषि मंत्रालय, दीपक केसरकर को स्कूली शिक्षा और मराठी भाषा का मंत्रालय, तानाजी सावंत को सार्वजनिक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग और शंभूराज देसाई को राज्य उत्पादन शुल्क मंत्रालय सौंपा गया है.
Read also: Bihar Cabinet Expansion: इस फॉर्मूले के तहत होगा बिहार मंत्रिमंडल का विस्तार
बीजेपी के 9 मंत्रियों के विभागों की बात करें तो चंद्रकांत पाटील को उच्च शिक्षा ,तकनीकी शिक्षा, वस्त्रोद्योग मंत्रालय, सुधीर मुनगंटीवार को वन, सांस्कृतिक और मत्स्य विभाग, राधा कृष्ण विखे पाटील को राजस्व, पशुसंवर्धन और दुग्ध विकास के विभाग, डॉ. विजय कुमार गावित को आदिवासी विकास विभाग और गिरीश महाजन को ग्राम विकास,पंचायती राज, मेडिकल शिक्षा, क्रीड़ा और युवक कल्याण विभाग सौंपे गए हैं. रवींद्र चव्हाण को लोक निर्माण (सार्वजनिक परियोजनाएं छोड़कर), अन्न और नागरिक आपूर्ति मंत्रालय सौंपा गया है. मंगल प्रभात लोढा को पर्यटन, महिला और बाल विकास, कौशल और उद्यम विकास विभाग, अतुल सावे सहकारिता को अन्य पिछड़ा विभाग, बहुजन कल्याण विभाग और सुरेश खाडे को श्रम विभाग की ज़िम्मेदारी सौंपी गयी है.

