Site icon Buziness Bytes Hindi

नोटों पर तस्वीरों की सियासत शुरू, सोशल मीडिया पर वायरल हुए कई नोट

Political Parties

केजरीवाल का भारतीय करेंसी पर देवी देवताओं की तस्वीर छापने की मांग करना अब विवाद बनता जा रहा है, सोशल मीडिया पर शिवाजी महाराज, पीएम मोदी , भीमराव आंबेडकर और वीर सावरकर की तस्वीरों वाले फोटोशॉप नोट वायरल होने लगे हैं. भाजपा नेता राम कदम ने जयश्रीराम के उद्घोष के साथ अपने ट्विटर अकाउंट से पांच सौ के चार नोट पोस्ट किये हैं जिनमें इन चारों की तस्वीरें हैं, वहीँ एक अन्य भाजपा नेता नितीश राणे ने 200 के नोट पर शिवाजी महाराज की तस्वीर लगाईं है.

दरअसल दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी से मांग की थी कि इंडियन करेंसी पर देवी लक्ष्मी और भगवान् गणेश की तस्वीर छापी जाय ताकि देश में खुशहाली आये, उन्होंने कहा कि हमें देवी देवताओं के आशीर्वाद की ज़रुरत है, वहीँ आम आदमी पार्टी ने अपने राष्ट्रीय संयोजक की मांग का समर्थन करते हुए उसे देश अर्थव्यवस्था से भी जोड़ दिया। केजरीवाल की इस मांग पर सबसे तीखी प्रतिक्रिया भाजपा की तरफ से आ रही है. भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने केजरीवाल पर हमला करते हुए कहा कि दीवाली पर पटाखा फोड़ने वालों को जेल में डाल देने की बात कहने वाला आज करेंसी पर देवी लक्ष्मी की तस्वीर छापने की मांग कर रहा है, पात्रा ने केजरीवाल को कलयुगी कालनेमी बताते हुए कहा कि यह हिन्दू धर्म का सगा कभी नहीं हो सकता, वहीँ शहज़ाद पूनावाला ने केजरीवाल को चुनावी हिन्दू बताया था.

वहीँ बहुजन समाज पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने आम आदमी पार्टी को नया नाम देते हुए रंग बदलू पार्टी कह डाला, इसके साथ ही उन्होंने करेंसी नोट पर नोट पर बाबा साहेब आंबेडकर की तस्वीर छापने की मांग भी कर डाली. भाजपा नेता मनोज तिवारी ने कहा कि जो लोग राम मंदिर का विरोध करते रहे थे, वो नया मुखौटा पहनकर सामने आ रहे हैं.

Exit mobile version