Site icon Buziness Bytes Hindi

Punjab News: निहंगों और पुलिस के बीच फायरिंग में जवान की मौत, DSP समेत 15 घायल

punjab news

Clash between Nihangs and police: कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी के गुरुद्वारा अकाल बुंगा में आज गुरुवार सुबह पुलिस और निहंगों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। फायरिंग में पीसीआर में तैनात एक जवान की मौत हो गई। जबकि हमले में डीएसपी भुलत्थ सहित 15 पुलिसकर्मी घायल हो गए।

घायल पुलिसकर्मियों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संत बलबीर सिंह सीचेवाल घायलों का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे हैं। सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी में भर्ती घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है। घायलों में डीएसपी भुलत्थ भारत भूषण सैनी, एएसआई अशोक कुमार, एएसआई गुरमीत सिंह, एएसआई सुखदेव सिंह, कांस्टेबल बलप्रीत सिंह, सुरिंदर सिंह, हरभजन सिंह, अमनदीप सिंह, रमनदीप सिंह और हरजिंदर सिंह आदि हैं। मृतक की पहचान जसपाल सिंह निवासी गांव मनियाला के तौर पर हुई है। अब फायरिंग बंद है और क्षेत्र में तनाव फैला हुआ है।

पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

माहौल बिगड़ा तो पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। डीसी कपूरथला कैप्टन करनैल सिंह, आईजी जालंधर रेंज एस. भूपति सहित आला अधिकारी सुल्तानपुर लोधी पहुंचे हैं। स्थिति से कैसे निपटा जाए, इसे लेकर गुरुद्वारा बेर साहिब में बैठक की जा रही है। बुधवार से पुलिस वाटर कैनन लेकर गुरुद्वारा साहिब में दाखिल होने की कोशिश कर रही थी।
सुल्तानपुर लोधी के गुरुद्वारा श्री अकाल बुंगा पर बुधवार को बूसोवाल रोड पर डेरा पीर गेब पर कब्जा करते 10 निहंग सिंहों को सुल्तानपुर लोधी की पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इनमें 2020 में हुई इसी तरह की झड़प में दर्ज कत्ल केस में वांछित आरोपी शामिल हैं। इससे पहले मंगलवार को झड़प हुई थी। जिसको लेकर थाना सुल्तानपुर लोधी में केस दर्ज किया गया था।

यह है पूरा मामला

एसएसपी कपूरथला वत्सला ने बताया कि कई सालों से गुरुद्वारा श्री बेर साहिब के सामने बाबा बुड्ढा दल 96 करोड़ी संत बलबीर सिंह सिंह का कब्जा था। जिनकी ओर से अपने दो सेवादारों को गुरुद्वारा अकाल बुंगा में बिठाया था। जिनका नाम निरवैर सिंह और जगजीत सिंह है।
21 नवंबर को बाबा बुड्ढा दल से अलग गुट के मुखी संत बाबा मान सिंह अपने 15-20 साथियों के साथ गुरुद्वारा श्री अकाल बुंगा साहिब में दाखिल हो गए। इसके बाद निरवैर सिंह को रस्सियों से बांध लिया और जगजीत सिंह पर हथियारों से वार असलहा, मोबाइल व पैसे छीनकर गुरुद्वारा साहिब पर अपना कब्जा कर लिया।

10 निहंगों को गिरफ्तार कर लिया

जगजीत सिंह के बयान पर बाबा मान सिंह और उनके 15-20 साथियों पर थाना सुल्तानपुर लोधी में केस दर्ज हुआ। बुधवार को निहंग सिंह मान सिंह के 10 सेवादार निहंग की ओर से बाबा बलबीर सिंह के दूसरे डेरे गांव बूसोवाल रोड के समीप पीर गेब पर कब्जा करने की कोशिश हुई। इस पर पुलिस को सूचना मिली तो तुरंत पहुंचकर 10 निहंगों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें 15 मई 2020 को दोनों गुटों में हुइ झड़प में कत्ल समेत विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज केस में वांछित आरोपी भी है। इसके बाद मामला भड़का और निहंग और पुलिस के बीच जमकर फायरिंग हुई।

Exit mobile version