Site icon Buziness Bytes Hindi

Teele Wali Masjid में पुलिस ने नमाज़ियों का किया फूलों से स्वागत

पैग़म्बर मोहम्मद पर भाजपा प्रवक्ताओं की टिप्पणी को लेकर पिछले दो जुमे पर प्रदेश भर में हिंसक विरोध प्रदर्शन के बाद आज पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की अभूतपूर्व व्यवस्था की थी और इसी का नतीजा रहा कि प्रदेश में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। लेकिन इन सबके बीच राजधानी लखनऊ स्थित टीले वाली मस्जिद पर कुछ ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने आँखों को भी लुभाया और दिल को भी । दरअसल यहाँ पर सुरक्षा में तैनात जवानों ने आने वाले नमाज़ियों को फूल पेश कर उनका स्वागत किया और प्रेम का सन्देश दिया।

उनकी इस कोशिश में सिविल डिफेन्स के लोगों ने भी बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। पुलिस और सिविल डिफेन्स के जवानों ने मस्जिद में हर आने वाले नमाज़ी का गुलाब के फूल की कली देकर उन्हें मोहब्बत का पैग़ाम दिया, सन्देश दिया कि नफरत, लड़ाई झगड़े और पत्थरबाज़ी से बात बिगड़ती है और मोहब्बत और भाईचारे से बिगड़ी बात बनती है. मीडिया ने इस मौके को अपने कैमरों में कैद किया। इस मौके की तस्वीरें और वीडियोज़ सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं और पुलिस प्रशासन की इस पहल का लोगों ने स्वागत किया है. 

Read also: गिरफ़्तारी के डर से लापता हुईं Nupur Sharma

इससे पहले लखनऊ पुलिस के आला अधिकारीयों ने धर्म गुरुओं और अल्पसंख्यक समुदाय के बुद्धिजीवियों से बैठक कर इस बात की अपील की थी कि जुमे की नमाज़ शांतिपूर्वक होने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उलेमाओं और बुद्धिजीवियों की अपीलों का आज बड़ा असर दिखा और पूरे लखनऊ में जुमे की नमाज़ शांतिपूर्वक अदा हो गयी. हालाँकि राजधानी लखनऊ में पिछले दो शुक्रवारों को भी जुमे की नमाज़ के बाद किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई थी लेकिन जिस तरह प्रदेश के और हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुआ था उसे देखते हुए पुलिस प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता था और उसने ड्रोन की निगरानी समेत काफी चाक चौबंद प्रबंध किये हुए थे.

Exit mobile version