- वन सेंचुरी की जमीन पर दो बीघे में बनाया आलाशीन फार्म हाउस
- विद्युत विभाग ने पकड़ी शहर के घर में बिजली चोरी, होगा मुकदमा
मेरठ। वन सेंचुरी की जमीन पर दो बीघे में बनाया गया आलाशीन फार्म हाउस। उसमें ऐश-ओ-आराम के लिए मौजूद स्वीमिंग पूल और एक शानदार माॅडल काॅटेज। जमीन की कीमत 75 लाख रुपये और उसपर करीब 20 लाख रुपये का निर्माण। फार्म हाउस की निगरानी के लिये एक सिपाही और एक होमगार्ड चैबीस घंटे तैनात। शहर में एक फ्लैट, उसमें भी चोरी की बिजली से चलता एसी और इलेक्ट्राॅनिक उत्पाद। और इन सबका मालिक कोई पुलिस का बड़ा अधिकारी, नेता या गैंगस्टर नहीं बल्कि हस्तिनापुर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह है। धर्मेंद्र सिंह की आलीशान जिंदगी की झलक देखकर पुलिस के बड़े अधिकारी भी हैरान हैं। एसएसपी अजय साहनी ने थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है तो विद्युत विभाग थानाध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी में लगा है।
पुलिस की नौकरी का अधिक समय मेरठ जनपद और मेरठ रेंज में ही गुजारने वाले धर्मेंद्र सिंह करीब सवा दो साल से हस्तिनापुर थाने का चार्ज संभालेे हुए थे। आलीशान जिंदगी जीने के लिये जाने जाते हस्तिनापुर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह काफी समय से आरोपों के घेरे में थे। लोगों की शिकायत थी की थानाध्यक्ष ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए वन सेंचुरी की जमीन पर आलीशान फार्म हाउस बनाया है। ऐसे में जब जांच हुई तो धर्मेंद्र सिंह की शानदार लाइफस्टाइल को देखकर लोग भौंचके रह गये। थानाध्यक्ष ने द्रौपदी घाट के नजदीक दो बीघे में आलीशान फार्म हाउस बनवाया हुआ है। फार्म हाउस में स्वीमिंग पूल और एक माॅडल काॅटेज बनी हुई है। फार्म हाउस के कमरों में एसी लगे हुए हैं और उसकी रखवाली के लिये थाने के एक सिपाही और होमगार्ड को भी तैनात किया हुआ है। एसएसपी अजय साहनी ने थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह को लाइन हाजिर करते हुए सीओ मवाना को जांच सौंपी है। थाना प्रभारी द्वारा वन सेंचुरी की जमीन पर आलीशान फार्म हाउस बनाने की भी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि थानाध्यक्ष ने फार्म हाउस बनाने के लिए पत्नी कल्पना सिंह के नाम से जमीन खरीदी है। आरोप है कि फार्म हाउस को कृषि भूमि पर बनाया गया है और इसके निर्माण में कई हरे पेड़ काटे गए हैं।
वहीं हस्तिनापुर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह का एक घर मेरठ के मेडिकल क्षेत्र में एस-टू-एस कारनेशन काॅलोनी में है। आज विद्युत विभाग की टीम ने थानाध्यक्ष के घर पर छापा मारकर वहां की जा रही बिजली चोरी पकड़ी। बताया गया की धर्मेंद्र सिंह बिना कनेक्शन लिये ही बिजली इस्तेमाल कर रहा था। वहीं उसके घर में एसी और बिजली से चलते वाले उत्पाद भी विद्युत विभाग की टीम को मिले हैं। अब विद्युत विभाग धर्मेंद्र सिंह के खिलाफ बिजली थाने में बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने और एक साल की बिजली चोरी का राजस्व निर्धारण करने की तैयारी कर रहा है।
अब तक आलीशान जिंदगी जी रहे धर्मेंद्र सिंह का आने वाला समय मुश्किलों में गुजरने वाला है। उनके द्वारा जुटाई गयी अकूत संपति की जांच भी पुलिस कर रही है। माना जा रहा है कि अभी धर्मेंद्र सिंह की और भी प्रापर्टी सामने आ सकती है जो उन्होंने किसी और के नाम पर खरीदी हैं। हस्तिनापुर के फार्म हाउस के बाद अब बिजली चोरी के आरोपों का सामना कर रहे धर्मेंद्र सिंह ने अभी अपना पक्ष नहीं रखा है। देखना होगा की इस जंजाल से वह कैसे खुद को बाहर निकाल पाते हैं। बताया जा रहा है कि शासन ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है और किसी भी समय सख्त कार्रवाई किये जाने के आदेश आ सकते हैं।

