Site icon Buziness Bytes Hindi

आरुषि को मिला न्याय, दरिंदों को फांसी की सजा


आरुषि को मिला न्याय, दरिंदों को फांसी की सजा

–बुलंदशहर की आरुषि के साथ गैंगरेप के बाद कर दी थी हत्या

–पाॅक्सो कोर्ट ने तीनों गुनहगारों को सुनाई फांसी की सजा

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के जिला बुलंदशहर में नाबालिग के साथ गैंगरेप करने के बाद उसकी हत्या करने वाले तीन दरिंदों को आज पाॅक्सों कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई है। 16 वर्षीय आरुषि के साथ चलती कार में गैंगरेप करने वाले दरिंदों ने उसकी हत्या कर शव दादरी कोतवाली क्षेत्र में फेंक दिया गया था। आरुषि हत्याकांड को लेकर पूरे देश में प्रतिक्रिया हुई थी। उत्तर प्रदेश की सियासत में भूचाल लाने वाले इस गैंगरेप-हत्याकांड के दोषियों को फांसी की सजा दिये जाने की मांग उठी थी।

2 जनवरी 2018 को 16 वर्षीय छात्रा आरुषि टयूशन पढ़कर लौट रही थी। रास्ते में ही कार सवार युवकों ने उसके अगवा कर चलती कार में गैंगरेप किया था। बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर आरुषि का शव दादरी क्षेत्र में फेंक दिया था। 4 जनवरी 2018 को दादरी कोतवाली क्षेत्र के रजवाहे में आरुषि का शव पड़ा मिला था। मानवता को शर्मसार कर देने वाले गैंगरेप-हत्याकांड को लेकर जोरदार विरोध हुआ था। इस मामले में पुलिस ने सिकंदराबाद निवासी आरोपी इजराइल, जुल्फिकार और दिलशाद को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

बहुचर्चित आरुषि गैंगरेप और हत्याकांड में सुनवाई करते हुए पाॅक्सो कोर्ट ने तीनों गुनहगारों को फांसी की सजा सुनाई है। कोर्ट से आरुषि को इंसाफ मिलने पर आरुषि की मां ने कहा कि वह दरिंदों को फांसी पर लटकता देखना चाहती हैं। इस मामले में दरिंदों को फांसी की सजा सुनाये जाने की सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि मासूम के साथ दरिंदगी और हत्या करने वालों के लिये फांसी की सजा भी कम है। ऐसा नृशंसनीय कार्य करने वालों को ऐसी ही सजा मिलनी चाहिये।

Exit mobile version