वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को 1583 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के उपहार देने गुरुवार को यहां आएंगे। पर्यटन, स्वास्थ्य, यातायात एवं अन्य बुनियादी आवश्यकताओं से जुड़ीं इन परियोजनाओं से यहां एक और बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
सुरक्षा चाक चौबंद
आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों के मद्देनजर तमाम तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किये गये हैं। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में आयोजित एक जनसभा में लोकार्पण एवं शिलान्यास के साथ ही देशवासियों को संबोधित करेंगे। यहां कोविड दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए 5000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
महामारी के बाद दूसरा दौरा
वैश्विक कोरोना महामारी शुरु होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी का वाराणसी का यह दूसरा दौरा होगा। इससे पहले गत वह गत वर्ष 30 नवंबर को देव दीपावली के अवसर पर आये थे तथा विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया था।
अरबों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण
उन्होंने बताया कि श्री मोदी पूर्वान्ह करीब 11 बजे बीएचयू में आयोजित आईआईटी मैदान में आयोजित जनसभा में आएंगे, जहां वह अरबों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। गोदौलिया चौराहे पर पहली मल्टीलेवल पार्किंग, बीएचयू अस्पताल में 100 बिस्तरों का मातृत्व एवं शिशु शाखा, वाराणसी-गाजीपुर सड़क पर तीन लेन का फ्लाईओवर पुल, पर्यटन विकास के लिए गंगा में यातायात के लिए रो-रो सेवा समेत 744 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।

