- आने वाले 10 दिनों में चार बार उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे पीएम मोदी
लखनऊ। अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव भारतीय जनता पार्टी के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गए हैं। वही केंद्र की सत्ता पर बने रहने के लिए यूपी में भाजपा की सत्ता होना आवश्यक है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद यूपी चुनाव पर निगाह रखे हुए हैं। आने वाले 10 दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश में चार बार दौरे पर आ रहे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रधानमंत्री मोदीयूपी विधानसभा चुनाव को कितनी गंभीरता से ले रहे हैं।
Read also: मैं उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव नहीं लड़ूंगा: अखिलेश यादव
2022 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। समाजवादी पार्टी विभिन्न क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन कर भाजपा को चुनौती देने में लगी हुई है। वहीं बसपा और कांग्रेस भी अपने-अपने प्रयास जारी रखे हुए है। आने वाले विधानसभा चुनाव में जीत हासिल कर भाजपा की सत्ता बरकरार रखने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का लगातार उत्तर प्रदेश आना जारी है। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यूपी चुनाव में उतर आए हैं और दिसंबर के महीने में चार बार और उत्तर प्रदेश में आयेंगे।
आने वाली 18 दिसंबर को पीएम मोदी शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे की आधारशिला रखेंगे और सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद 21 दिसंबर को फिर उत्तर प्रदेश आकर पीएम मोदी प्रयागराज पहुंचेंगे और रैली को संबोधित करेंगे। इस रैली में ढाई लाख महिलाएं शामिल होंगी और विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा। इसके बाद 23 दिसंबर को पीएम मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचेंगे और अमूल दूध प्लांट समेत 1550 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। पीएम मोदी का उत्तर प्रदेश आगमन जारी रहेगा और प्रधानमंत्री आने वाली 28 दिसंबर को कानपुर में होने वाले कार्यक्रम में कानपुर मेट्रो का लोकार्पण करेंगे।
Read also: काशी दौरे में पीएम मोदी ने किया औरंगज़ेब का जिक्र, क्या इससे होगा BJP को चुनावी फायदा
गौरतलब है कि इसी महीने 7 दिसंबर को पीएम मोदी गोरखपुर के दौरे पर आये थे और उन्होंने एम्स का उद्घाटन किया था। 13 और 14 तारीख को पीएम मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में मौजूद रहे और काशी विश्वनाथ काॅरिडोर का उद्घाटन किया था। दिसंबर माह में पीएम मोदी की निगाह पूरी तरह से उत्तर प्रदेश पर रही।
हालांकि पीएम मोदी के दौरे में अनेक कार्यक्रम सरकारी हैं मगर आने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए इनका राजनीतिक लाभ भी भाजपा को मिल सकता है। वही पीएम मोदी का उत्तर प्रदेश में आगमन भाजपा कार्यकर्ताओं को उत्साहित करेगा। वहीं पीएम की रैलियों में उमड़ने वाली भीड़ विपक्ष के लिए बड़ी चुनौती भी पेश करेगी।

