Site icon Buziness Bytes Hindi

भाजपा और NDA की पहचान, जो कहते हैं करके दिखाते हैं: पीएम मोदी


भाजपा और NDA की पहचान, जो कहते हैं करके दिखाते हैं: पीएम मोदी

दरभंगा: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 71 सीटों पर वोटिंग जारी है. इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने गठबंधन के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने दरभंगा पहुंचे हैं. पीएम मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा ”बीते 15 वर्षों में बिहार नीतीश जी के नेतृत्व में बहुत आगे बढ़ा है. आज मां सीता अपने नैहर को तो प्रेम से निहार ही रही होंगी. अयोध्या पर भी आज यहां की नजर होगी. सदियों की तपस्या के बाद आखिरकार अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण शुरु होगा. राम मंदिर की तारीख पूछने वाले अब मजबूरी में ताली बजाते दिख रहे हैं।”

पीएम मोदी ने कहा, ”आज बिहार में पहले चरण का मतदान चल रहा है. जहां-जहां चुनाव चल रहा है, वहां के सभी साथियों से मेरा आग्रह है कि कोरोना से बचने के लिए पूरी सावधानी बरतें. उन्होंने कहा कि भाजपा और NDA की पहचान है कि जो कहते हैं वो करके दिखाते हैं. देश में पहली बार ये हुआ है, जब मैनिफेस्टो को उठाकर ये आंकलन लगाया जा रहा है कि आगे कौन सा कदम सरकार उठाने वाली है.”

मोदी ने कहा, ”हमने कहा था कि हर किसान के बैंक खाते में सीधी मदद भेजेंगे. आज करीब-करीब एक लाख करोड़ रुपये की सीधी मदद किसान के खाते में जमा कराई जा चुकी है. हमने कहा था कि हर गरीब का बैंक खाता खोलेंगे. आज 40 करोड़ से ज्यादा गरीबों का बैंक खाता खुल चुका है. उन्होंने कहा कि हमने कहा था कि हर गरीब बहन-बेटी की रसोई में मुफ्त गैस कनेक्शन पहुंचाएंगे. आज उज्जवला योजना ने बिहार की भी करीब 90 लाख महिलाओं को लकड़ी के धुएं से मुक्त किया है. हमने कहा था हर गरीब को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा देंगे. आज बिहार के भी हर गरीब को ये सुविधा मिल रही है.”

Exit mobile version