Site icon Buziness Bytes Hindi

PM Narendra Modi: गुजरात के गांधीनगर में आज से दो दिवसीय महापौर महासम्मेलन, पीएम मोदी करेंगे वर्चुअल उद्धाटन

गांधीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के गांधीनगर में दो दिवसीय राष्ट्रीय महापौर सम्मेलन का उद्धाटन करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सम्मेलन का उद्धाटन डिजिटल माध्यम से करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ऋतुराज सिन्हा ने यह जानकारी दी। सिन्हा के मुताबिक देशभर में भाजपा शासित शहरी स्थानीय निकायों के करीब 121 महापौर और उपमहापौर आज से शुरू हो रहे इस दो दिवसीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। बताया जाता है कि यह सम्मेलन भाजपा सुशासन प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित किया जा रहा है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेंगे।

भाजपा राष्ट्रीय सचिव सिन्हा ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी ऑनलाइन राष्ट्रीय महापौर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे और वहां मौजूद लोगों को संबोधित करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री, पीएम शहरी विकास योजना पर आमंत्रित अतिथियों का मार्गदर्शन भी करेंगे।
दो दिवसीय इस सम्मेलन में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी भाग लेंगे। सम्मेलन में फडणवीस शहरी विकास के लिए अपने विचार रखेंगे। वहीं, हरदीप पुरी मेहमानों को शहरी स्थानीय निकायों के लिए  सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी भी देंगे। 

महापौर सम्मेलन में 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के महापौर, उप महापौर और अन्य निर्वाचित प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन में अपशिष्ट प्रबंधन, यातायात प्रबंधन के अलावा जल-जमाव जैसे विषयों पर विचार रखे जाएंगे। इसके अलावा सूरत, इंदौर, कानपुर और पणजी के महापौर अपने शहरों में कचरा प्रबंधन, साफ-सफाई और राजस्व बढ़ाने के साथ अन्य क्षेत्रों में किए गए कार्यों के बारे में भी जानकारी देंगे।

Exit mobile version