Site icon Buziness Bytes Hindi

पीएम मोदी ने की कांग्रेस के सफाये की भविष्यवाणी

modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मध्य प्रदेश के झाबुआ में एकबार फिर 400 सीटें जीतने की बात दोहराते हुए कहा कि अगले चुनाव में कांग्रेस पार्टी का सफाया हो जायेगा। उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत 2023 के विधानसभा चुनावों में हो चुकी है. प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने कभी वोट बैंक की राजनीति नहीं की. हमारे लिए वोट कोई मायने नहीं रखता, हमारे लिए तो ईश्वररूपी जनता जनार्दन का प्यार मायने रखता है। मध्य प्रदेश की जनता ने हमें जो प्यार दिया, हम आज उसका आभार प्रकट करने आये हैं.

प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश ने दो काल देखे, एक कांग्रेस का काला काल और दूसरा डबल इंजन की सरकार का विकास वाला काल. उन्होंने कहा कि युवा वोटरों को तो शायद कांग्रेस के काले काल के बारे में मालूम ही नहीं होगा क्योंकि उन्होंने तो भाजपा राज के विकास काल खंड में ही आँखें खोली हैं. प्रधानमंत्री आज मध्य प्रदेश में 7,550 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने पहुंचे थे.

प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश को 20 बरस पहले एक बीमारू राज्य कहा जाता था लेकिन बीते वर्षों में मध्य प्रदेश विकास के रास्ते पर तेजी से दौड़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ये मोदी की गारंटी है कि आपका सम्मान भी होगा और आपका विकास भी, आपके सपने सच होंगे और आपके बच्चों के भी. प्रधानमंत्री ने कहा मोदी झाबुआ में चुनाव प्रचार करने नहीं आया है, मोदी तो एक सेवक के रूप में यहाँ आया है. मैं जानता हूँ कि यहाँ की जनता का मूड क्या है, ये आपने विधानसभा चुनाव में दिखा दिया था. इसलिए तो अब बड़े बड़े नेता भी कहने लगे हैं “एकबार फिर मोदी सरकार, इसबार 400 पार”.

Exit mobile version