अमेरिका की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्योग जगत के नेताओं के साथ बातचीत की और भारत द्वारा दुनिया को दिए जाने वाले अवसरों और संभावनाओं पर चर्चा की। न्यूयॉर्क में प्रौद्योगिकी उद्योग के शीर्ष सीईओ के साथ अपनी बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी व्यापार जगत के नेताओं को बौद्धिक संपदा की सुरक्षा और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के लिए भारत की गहरी प्रतिबद्धता का आश्वासन दिया।
पीएम मोदी द्वारा आयोजित इस गोलमेज में एडोब के अध्यक्ष और सीईओ शांतनु नारायण, गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई, आईबीएम के सीओई अरविंद कृष्णा, एएमडी की सीईओ लिसा सू और Nvidia के जेन्सेन हुआंग सहित कई प्रमुख कंपनियों के प्रमुख व्यक्ति शामिल थे।
अपनी अमेरिकी यात्रा के दूसरे दिन की बैठक के दौरान, प्रधानमंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर और बायोटेक्नोलॉजी के अत्याधुनिक क्षेत्रों में भारत और अमरीका के बीच सहयोग को और बढ़ावा देने के उपायों पर बात की।
प्रधानमंत्री कार्यालय के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, चर्चा वैश्विक प्रौद्योगिकी परिदृश्य और मानव विकास और विश्व अर्थव्यवस्था पर नवाचारों के प्रभाव के इर्द-गिर्द घूमती रही। सीईओ ने इस बारे में जानकारी साझा की कि किस तरह उनकी कंपनियां नवाचार के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठा रही हैं और भारत के साथ सहयोग करने में गहरी रुचि व्यक्त की।
