प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संयुक्त अरब अमीरात के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने बुधवार को दुबई में ‘भारत मार्ट’ की आधारशिला रखी। यह एक ऐसा मंच होगा जो भारतीय एमएसएमई क्षेत्र की कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंच प्रदान करेगा। जानकारी के मुताबिक विदेश मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने दुबई के जेबेल अली मुक्त व्यापार क्षेत्र में बनने वाले ‘भारत मार्ट’ के शिलान्यास से संबंधित कार्यक्रम में ऑनलाइन भाग लिया.
जानकारी के मुताबिक भारत मार्ट का निर्माण डीपी वर्ल्ड द्वारा किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर कहा कि यह मार्ट भारत के एमएसएमई को गल्फ , वेस्ट एशिया, अफ्रीका और यूरेशिया क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंचने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान करेगा। उनके निर्यात को बढ़ावा देने में भी भारत मार्ट महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी और शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने विश्वास जताया कि ‘भारत मार्ट’ जेबेल अली पोर्ट की रणनीतिक स्थिति और लॉजिस्टिक्स में इसकी ताकत का लाभ उठाकर भारत-यूएई द्विपक्षीय व्यापार को और आगे बढ़ाएगा। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने शिखर सम्मेलन को संबोधित किया और कुछ द्विपक्षीय बैठकों में भी भाग लिया।
बता दें कि भारत मार्ट का क्षेत्रफल 100,000 वर्ग मीटर से अधिक है। यह गोदाम, खुदरा और आतिथ्य सुविधाओं की मेजबानी करने वाली एक बहुमुखी बहुउद्देश्यीय सुविधा के रूप में काम करेगा। भारत मार्ट में भारी मशीनरी से लेकर विभिन्न श्रेणियों के सामानों की आपूर्ति के लिए खुदरा शोरूम, कार्यालय, गोदाम और सहायक सुविधाएं होंगी। एक डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म विकसित करने की भी योजना है जो वैश्विक खरीदारों को सुविधा से आसानी से सामान प्राप्त करने में सक्षम बनाएगा।