PM Modi inaugurates AIIMS: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज हिमाचल प्रदेश को AIIMS का तोहफा देकर वहां की रोटी खाने का क़र्ज़ अदा कर दिया। दरअसल पीएम मोदी ने आज हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में बने AIIMS का लोकार्पण किया। चुनावी माहौल में किये गए इस लोकार्पण के मौके पर उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि उन्होंने हिमाचल की रोटी खाई है, इसलिए उसका क़र्ज़ भी चुकाना है. इस मौके पर उन्होंने प्रदेश के लोगों को विजयदश्मी की मुबारकबाद भी दी.
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में साल के अंत में गुजरात के साथ ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. इस चुनावी वर्ष में प्रधानमंत्री ने AIIMS के लोकार्पण के साथ ही हिमाचल प्रदेश को 3650 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी है. हिमाचल को वीरों की धरती बताते हुए उन्होंने कहा कि अमृतकाल में सरकार ने जिन पंच प्राणों पर चलने का देश ने संकल्प लिया है उसे पूरा करना है.
बिलासपुर के लुहणू मैदान में जनसभा को भी संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने इस अपना सौभाग्य बताते हुए कहा कि उन्हें आज इस पावन पर्व पर स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर के 3650 करोड़ रुपये के प्रोजक्ट का उपहार देने का अवसर मिला है. उन्होंने कहा कि हिमाचल आज बढ़ रहा है, यहाँ सेंट्रल यूनिवर्सिटी भी है IIT और IIM भी हैं और अब इसमें AIIMS भी जुड़ गया है. उन्होंने कहा यहाँ की हवा, यहाँ का माहौल, प्रकृति इसे टूरिज़्म का एक बड़ा डेस्टिनेशन स्थापित करती हैं. यहाँ विकास की अनंत संभावनाएं हैं.
