मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी में आज भाजपा ने विजय संकल्प रैली का आयोजन किया था। जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करना था। लेकिन मौसम खराबी के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रैली में नहीं पहुंच सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंडी के पड्डल मैदान में जुटी भीड़ को दिल्ली से ही वर्चुअल संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश एक वैश्विक फार्मा हब बनेगा। देश में दवाओं के कच्चे माल की आत्मनिर्भरता के लिए चुने गए तीन राज्यों में हिमाचल प्रमुख है। पीएम मोदी ने कहा कि पहले यूपी और उत्तराखंड में प्रथा थी कि पांच साल बाद सरकार बदल दी जाती थी। इस सोच को यूपी और उत्तराखंड ने उखाड़ फेंका। अब हिमाचल की जनता इस सोच को उखाड़ फेंकेगी और प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंडी के पड्डल मैदान में आज शनिवार को भाजपा की युवा विजय संकल्प रैली को वर्चुअल संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री मोदी मौसम खराब के कारण अपने तय कार्यक्रम पर रैली में नहीं पहुंच सके। उन्होंने इसके लिए रैली में उपस्थित लोगों से क्षमा मांगी और कहा इस बार नहीं तो फिर से दोबारा आऊंगा। मोदी ने कहा कि अमृतकाल में भारत प्रगति को गति देने का हर अवसर हिमाचल में मौजूद है। हिमाचल के लोग भाजपा सरकार की वापसी का मन बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि यहां के लोग जानते हैं कि ईमानदार नीयत के साथ अगर कोई हिमाचल का विकास कर सकती है तो वह केवल भाजपा की सरकार है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जबसे देश में स्थिर सरकार बनी है। दुनिया भारत पर ज्यादा भरोसा करने लगी है। आज दुनिया में भारत की साख तेजी से बढ़ रही है। भारत को जानने-समझने के लिए पूरी दुनिया लालायित है। इसका श्रेय भारत के मतदाताओं को जाता है। बहुत दशकों तक देश में अस्थिर सरकारें रहीं और किसी को बहुमत नहीं था। सरकार कितने दिन चलेगी और कार्यकाल पूरा कर पाएगी कि नहीं। भारत के नागरिकों के मन में ही नहीं, पूरी दुनिया में इस तरह की आशंका रहती थी।
दुनिया को सोचना पड़ता था कि विश्वास करें कि नहीं। पीएम मोदी ने कहा कि आठ साल पहले वर्ष 2014 में जागरूक मतदाता और हिमाचल के लोग दिल्ली में पूर्ण बहुुमत की सरकार सत्ता में लाए। हिमाचल ने वर्ष 2014 और वर्ष 2019 में सारी सीटें जीतकर दीं। स्थिर सरकार बनी तो नीतियों और संस्कृति में स्थिरता आई। भारत का सामान्य नागरिक आज सरकार पर भरोसा करता है। लोग अब इसके महत्व को समझ रहे हैं। दिल्ली में मजबूत सरकार बनी है। राज्यों में अब इस महत्व को समझा जा रहा है।

