पलक्कड़। केरल पुलिस ने आरएसएस नेता हत्या के मामले में पीएफआई सदस्य को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी केरल पुलिस ने दी है। केरल पुलिस के अनुसार पापुलर फ्रंट आफ इंडिया यानी पीएफआई के पलक्कड़ जिला सचिव अबूबकर सिद्दीक को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ‘आरएसएस’ नेता श्रीनिवासन की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया है। आरएसएस नेता की केरल में पिछले साल 16 अप्रैल को हत्या की गई थी। उनकी हत्या के बाद आरएसएस और भाजपा ने पीएफआई पर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस के हत्थे चढ़े पीएफआई नेता अबूबकर सिद्दीक ने पुलिस से पूछताछ में हत्या में शामिल होना कबूल किया है। इसी के साथ ही उसके निशाने पर और कई नेता थे। केरल पुलिस ने बताया कि वह कथित तौर पर पीएफआई कार्यकर्ताओं के एक गुट के साथ कई और नेताओं की सूची तैयार करने में शामिल था। जिन्हें निशाना बनाया जाना था। जिन नेताओं के हत्या की साजिश रची जा रही थी वो नेता इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) की युवा शाखा भाजपा और सीपीआइ (एम) और यूथ लीग के थे।
आरएसएस नेता श्रीनिवासन की हत्या 16 अप्रैल को उस दौरान की गई थी, जब वो अपनी दुकान पर थे। बाइक सवार बदमाश उनकी दुकान पर पहुंचे और तलवार के हमला कर हत्या कर दी थी। इसके बाद माहौल गरमा गया था। पुलिस को शुरू से ही शक था कि आरएसएस नेता की हत्या पीएसआई कार्यकर्ता सुबैर की हत्या के बदले में हुई है। मालूम हो कि सुबैर की हत्या के एक दिन बाद श्रीनिवास को मौत के घाट उतारा था। दो दिन में दो विरोधी धार्मिक संगठनों के कार्यकर्ताओं की हत्या के बाद केरल में सांप्रदायिक माहौल बिगड़ गया था। जिसके बाद पुलिस ने दोनों मामलों की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) कानून एवं व्यवस्था की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन किया था। एसआईटी ने मामले की छानबीन शुरू की थी। इस मामले में पहले पीएफआई से जुड़े 13 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरएसएस नेता की हत्या के मामले में ही पीएफआई के पलक्कड़ जिला सचिव अबूबकर सिद्दीक को गिरफ्तार किया है।
