रायबरेली। Anupriya Patel की ताज़ा ख़बर – केन्द्रीय मंत्री और अपना दल (एस) की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में हो रहे विधानसभा चुनाव परिणाम समूचे देश की राजनीति की दिशा तय करते हैं। उन्होने कहा कि 2012 से 2017 तक सपा सरकार के कार्यकाल में उपजी राज्यव्यापी अराजकता के कारण शांति व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी थी, 2017 में लोगों ने बदलाव को लेकर वोट दिया और भाजपा-अपना दल गठबन्धन को जिम्मेदारी मिली। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बनी सरकार ने न केवल प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया बल्कि हर वर्ग को सुरक्षा का अहसास कराया। योगी सरकार ने केन्द्र सरकार की अनेक कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों को प्रदेश में लागू करके करोड़ो की आबादी का जीवन आसान बनाया।
Read also: यूपी का चुनावी घमासान : अनुप्रिया पटेल ने मां के खिलाफ उम्मीदवार उतारने से किया इनकार
हरचन्दपुर विधानसभा क्षेत्र के दिदौर गाँव स्थित पटेल पार्क में भाजपा प्रत्याशी राकेश प्रताप सिंह के पक्ष में आयोजित चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुये अनुप्रिया पटेल ने कहा कि यह चुनाव में गठबंधन धर्म की भी परीक्षा होनी है, क्योंकि अबतक जो भी गठबन्धन बने, चुनाव बाद सब टूट गये, केवल एनडीए ही अपने मूल स्वरूप में कायम है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि 2017 में जिस प्रकार से शांति व्यवस्था की बहाली सबसे बड़ी जरूरत थी, उसे पांच साल में पूरा किया गया। दंगों के लिए कुख्यात हो चुके इलाकों में लोग अब अमन चैन से जी रहे हैं। विकास प्रक्रिया में सर्वसमाज की भागीदारी सुनिश्चित की गई। केन्द्र और राज्य सरकार के समन्वय से उत्तर प्रदेश में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए। हर जिले में मेडिकल कॉलेज खुलना, शहरों को एक्सप्रेसवे और हवाई सेवा से जोड़ना सामान्य उपलब्धि नहीं है। उन्होने विश्वास व्यक्त किया कि इसी के मद्देनजर भाजपा-अपना दल गठबंधन को एक बार फिर जनता मौका देगी। उन्होने उपस्थित जन समुदाय से अपील की कि वे सभी लोग 23 फरवरी को जब वोट जालने जाँय तो कमल के निशान वाला बटन दबायें, जिससे हरचन्दपुर से राकेश प्रताप सिंह विजई होकर विधानसभा पहुँचे और एक बार फिर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व मे सरकार बनाने में मददगार बने।
Read also: भारत के बड़े सपनों को पूरा करने में यूपी की बड़ी भूमिका : अनुप्रिया पटेल
इससे पूर्व करीब बारह बजे दिदौर पहुँची अनुप्रिया पटेल का रायबरेली के एमएलसी दिनेश सिंह, हरचन्दपुर के भाजपा प्रत्याशी राकेश प्रताप सिंह और अपना दल नेता दिनेश चौधरी आदि ने शानदार स्वागत किया। इन सभी नेताओं ने जन सभा को सम्बोधित भी किया। राकेश प्रताप सिंह ने उपस्थित जन समुदाय को विगत पाँच साल में कराये गये सैकड़ो करोड़ के विकास कार्य गिनाये और कहा कि यदि इतने विकास के बावजूद उन्हे सोच-विचार करके जाति-धर्म और ऊँच-नीच के हिसाब से समर्थन मिला तो आने वाले समय में कोई भी जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र में फूटी कौड़ी का कार्य नहीं करायेगा। जनसभा में अपना दल व भाजपा के अन्य अनेक नेताओं ने भी अपने विचार रखे। अनुप्रिया पटेल बछरावां, हरचंदपुर व ऊंचाहार में जनसभाएं की और भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

