देहरादून। चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओ का पंजीकरण होने के बाद उनको पर्यटन विकास परिषद की तरफ से हाईटेक हैंडबैंड दिया जाएगा। यह हैंडबैंड यात्री मोबाइल एप से अपना पंजीकरण कराएंगे उनके मोबाइल पर क्यूआर कोड आएगा। जिसके बाद हैंडबैंड को स्कैन करने के बाद यात्रा प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की पूरी जानकारी उपलब्ध होगी।
चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें शोध अधिकारी एसएस सामंत ने प्रोजेक्टर के जरिए पंजीकरण बैंड के बारे में जानकारी दी। पंजीकरण के बाद यात्रियों को एक हाईटेक हैंडबैंड मिलेगा। यह व्यवस्था चार धाम यात्रा में जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा के तहत बनाई गई है। हैंडबैंड में चार धाम यात्रा में जाने वाले यात्री का सारा विवरण होगा। जैसे ही संबंधित विभाग के अधिकारी हैंडबैंड को स्कैन करेंगे यात्री की पूरी कुंडली खुलकर सामने आ जाएगी।
ऋषिकेश गढ़वाल आयुक्त सुशील कुमार ने बताया कि विभागों ने चारधाम यात्रा को लेकर अपने यहां पर नोडल अधिकारी तैनात किए हैं। ये नोडल अधिकारी चारधाम यात्रा प्रशासन से समन्वय बनाकर काम करेंगे। अभी तक ऋषिकेश में आने वाले यात्रियों रजिस्ट्रेशन के लिए 22 स्थानों पर कियोस्क मशीनें लगाई गई हैं। यात्रा के बीच कोविड संक्रमण रोकने के उपाय भी करने होंगे। यात्रा मार्ग पर ऑक्सीजन सिलिंडर और अन्य जरूरी दवाओं के साथ डॉक्टर भी तैनात रहेंगे।
