Site icon Buziness Bytes Hindi

दलों ने की जश्न की तैयारी होली से पहले ही रंगों की जोरदार डिमांड,10 मार्च को फिजाओं में उड़ेगा रंग


दलों ने की जश्न की तैयारी होली से पहले ही रंगों की जोरदार डिमांड,10 मार्च को फिजाओं में उड़ेगा रंग

मेरठ। इस बार होली भले ही 18 मार्च की हो लेकिन राजनैतिक दलों ने 10 मार्च केा ही होली खेलने की पूरी तैयारी कर ली है। राजनैतिक दल इस बार 10 मार्च को होली खेलेंगे। 10 मार्च यानी गुरुवार को प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 (Uttar Pradesh Assembly Election) का मतगणना के बाद परिणाम आएगा। प्रदेश में सभी दलों को अपनी सरकार बनने की उम्मीद है। इस उम्मीद के बीच ही दलों ने बड़ी मात्रा में रंगों को भी खरीद लिया है। हर तरफ दलों के नेताओं के बीच होली का माहौल है। लेकिन ये तो 10 मार्च को दोपहर तक पता चल जाएगा कि होली खेलने के लिए किस दल के कार्यकर्ताओं द्वारा खरीदा गया रंग काम आया और किसका धरा रह गया। बहरहाल इस समय सभी दलों के कार्यकर्ता और नेता अपनी जीत को लेकर अश्वस्त हैं और जश्न की तैयारी कर रहे हैं।

Read also- Exit Poll 2022: जानिए आखिर क्या होता है एग्जिट पोल, जो दलों के बारे में करती हैं अनुमानित भविष्यवाणी

चुनाव परिणाम (Election result) को लेकर भाजपा,कांग्रेस सपा—रालोद गठबंधन के नेता और सपा, बसपाई जीत के बड़े बड़े दावे कर रहे हैं। इन दावों के बीच केसरिया,लाल, नीला और हरा गुलाल और रंग की डिमांड तेजी से बढ़ी है। भाजपाई केसरिया,पीला और लाल रंग का आर्डर दे रहे हैं। दुकानों में आने वाले अधिकांश ग्राहक केसरिया और पीला के अलावा लाल रंग की अधिक डिमांड कर रहे हैं। स्थिति ये हो गयी है कि सदर और कागजी बाजार में गुलाल के थोक विक्रेताओं को इन दो रंगों के गुलाल के लिए फिर से आर्डर देना पड़ रहा है। गुलाल की मांग को देखते हुए फुटकर भाव और थोक भाव के दाम भी बढ़ गए हैं। बता दें कि होली के दौरान मेरठ से आसपास के जिलों में गुलाल और रंग सप्लाई किया जाता है। ऐसे में आसपास के जिलों से भी राजनैतिक दलों के लोग मेरठ में गुलाल खरीदने के लिए आ रहे हैं। सदर दालमंडी के गुलाल के थोक विक्रेता राजीव अग्रवाल का कहना है कि इस बार होली दो बार मनाई जाएगी। चुनावी माहौल देख के ऐसा लग रहा है। उन्होंने बताया कि इस समय बाजार में हरा, लाल और केसरिया रंग और गुलाल की डिमांड अधिक है। पिछले दो दिन से गुलाल की खरीद में जबरदस्त इजाफा हुआ है। नीला रंग का गुलाल जहां बसपा समर्थक खरीद रहे हैं वहीं हरा गुलाल सपा कार्यकर्ता खरीद रहे हैं। कांग्रेसी तिरंगा गुलाल खरीद रहे हैं। बहरहाल ये मतगणना परिणाम (election result) आने के बाद पता चलेगा कि प्रदेश की फिजाओं में कौन से रंग का गुलाल उड़ेगा।

Exit mobile version