- 133 अवैध असलहे बरामद, 8 हथियार सप्लायर किये गिरफ्तार
बिजनेस बाइट ने जताई थी ‘कुख्यातों की शह पर पंचायत चुनाव में हिंसा की आशंका’
मेरठ। उत्तर प्रदेश में होने वाले पंचायत चुनाव को रक्तरंजित करने के लिये हथियारों का निर्माण और सप्लाई कर रहे अवैध हथियार के कारोबरियों पर शिकंजा कसते हुए मेरठ पुलिस ने आठ सप्लायरों को गिरफ्तार करते हुए उनसे 133 अवैध हथियार बरामद किये हैं। बताया गया कि इन अवैध हथियारों की सप्लाई पंचायत चुनाव में दबदबा बनाने के लिये की जानी थी। आपकी वेबसाइट बिजनेस बाइट ने 24 मार्च को अपने लेख ‘कुख्यातों की शह पर पंचायत चुनाव में हिंसा की आशंका’ में बताया था कि किस प्रकार अवैध हथियारों के बल पर पंचायत चुनाव को रक्तरंजित करने की तैैयारी की जा रही है। वहीं आईजी मेरठ रेंज प्रवीण कुमार ने अवैध हथियारों के काले कारोबार पर शिकंजा कसने की बात कही थी।
पंचायत चुनाव से पहले अवैध हथियार का कारोबार तेजी से बढ़ाया जा रहा है। अवैध हथियार के काले कारोबार पर शिकंजा कसते हुए ़मेरठ के ब्रह्मपुरी, लिसाड़ी गेट और किठौर में पुलिस ने छापा मारकर 133 अवैध असलहे जब्त किए हैं। एसटीएफ और मेरठ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 8 हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई में सबसे पहले एसटीएफ मेरठ ने टीपी नगर के मलियाना में छापा मार कर 2 लोगों को गिरफ्तार किया। इसके बाद चली कार्रवाई में ब्रह्मपुरी, लिसाड़ी गेट और किठौर में छापा मारकर भारी मात्रा में अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया है। आरोपियों ने बताया कि वह 1500 से 5000 रुपये मंे तमंचा और 25 से 30 हजार रुपये में पिस्टल बेचते हैं। इस काले कारोबार को काॅरपोरेट कल्चर अपनाते हुए चलाया जा रहा था और फैक्ट्री में निर्माण करने के बाद अवैध हथियारों की सप्लाई होलसेलर को की जाती थी। वहां से यह अवैध हथियार सप्लायर्स को दिये जाते थे जो गांवों में इन हथियारों को पहुंचाते थे।
ये भी पढ़े : कुख्यातों की शह पर पंचायत चुनाव में हिंसा की आशंका
एसएसपी मेरठ अजय साहनी और एसटीएफ मेरठ के एसपी कुलदीप नारायण सिंह ने शनिवार को पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में पकड़े गये आरोपियों के साथ उनसे बरामद अवैध हथियारों को पेश कर अवैध हथियारों के कारोबार का खुलासा किया। आरोपी तबरेज, शफीक, इसरार, भावेंद्र, फारूक, अली हजन, आकिल व अनस को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में कई और जगह हथियार बेचने व बनाने की बात कही है जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

