Site icon Buziness Bytes Hindi

ऑस्ट्रेलिया में 22 साल बाद पाकिस्तान ने जीती ODI सीरीज़

australia

पाकिस्तान ने पर्थ में खेले गए तीसरे वनडे मैच में मेज़बान ऑस्ट्रेलिया को हराकर 3 मैचों की सीरीज 2-1 से जीत ली. पाकिस्तान टीम के नए कप्तान मोहम्मद रिजवान ने ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में हराकर इतिहास रच दिया है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसी घर में पाकिस्तान को 22 साल बाद जीत मिली है.

दूसरे मैच के बाद आज तीसरे वनडे में भी पाकिस्तानी गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को खूब परेशान किया और पूरी टीम आज भी पूरे ओवर नहीं खेल सकी. पर्थ में सीरीज के तीसरे और निर्णायक मैच में पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 31.5 ओवर में 140 रन पर आउट हो गई.

तीसरे वनडे मैच में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया. पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों ने आज टीम को अच्छी शुरुआत दी, नसीम शाह ने 20 रन पर पहला और शाहीन अफरीदी ने 36 रन पर दूसरा विकेट लिया.

10.5 ओवर में 56 रन पर ऑस्ट्रेलिया का तीसरा विकेट गिरा, कप्तान जोश इंगल्स को 7 रन पर नसीम शाह ने आउट किया। इसके तुरंत बाद 13.5 ओवर में तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने पाकिस्तान के लिए चौथा विकेट लिया. ऑस्ट्रेलिया का पांचवां विकेट 79 और छठा 88 रन पर गिरा. मार्कस स्टोइन्स को मोहम्मद हसनैन ने और ग्लेन मैक्सवेल को हारिस रऊफ ने पवेलियन वापस भेजा।

मेजबान टीम का सातवां विकेट 26वें ओवर में 118 रन पर गिरा, एडम जाम्पा को 13 रन पर नसीम शाह ने आउट किया. पाकिस्तान के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया का आठवां और नौवां विकेट 140 रन पर गिरा. ये दोनों विकेट शाहीन अफरीदी ने लिए जबकि एक ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कूपर कोनोली रिटायर हर्ट होने के कारण बल्लेबाजी नहीं कर सके.

पाकिस्तान के लिए उसकी सलामी जोड़ी साइम अयूब और अब्दुल्लाह शफ़ीक़ ने एकबार फिर शानदार शुरुआत दी और 84 रनों की साझेदारी की. इसके बाद बाबर आज़म और मोहम्मद रिज़वान ने बचे हुए रन आसानी से बना डाले। पाकिस्तान को अब ज़िंबाबवे का दौरा करना है जहाँ टीम से कई सीनियर खिलाडियों को आराम दिया गया है.

Exit mobile version