Site icon Buziness Bytes Hindi

ग्रे सूची में बना रहेगा पाकिस्तान, FATF के 6 प्रमुख काम करने में रहा नाकाम


ग्रे सूची में बना रहेगा पाकिस्तान, FATF के 6 प्रमुख काम करने में रहा नाकाम

नई दिल्ली: भारत में आतंकवादी मौलाना मसूद अजहर और हाफिज सईद के खिलाफ कार्रवाई करने समेत एफएटीएफ के दिये छह प्रमुख कार्यों को पूरा नहीं करने तथा उसकी आधिकारिक सूची से अचानक से 4 हजार से अधिक आतंकवादियों के गायब हो जाने के बाद पाकिस्तान के ‘ग्रे सूची’ में ही बने रहने की संभावना है। अधिकारियों ने ये बात रविवार को कही है।

FATF का वर्चुअल सत्र 21-23 अक्टूबर को
वित्तीय कार्य कार्रवाई बल (एफएटीएफ) का डिजिटल पूर्ण सत्र 21-23 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा जिसमें धन शोधन और आतंकवाद के वित्तपोषण के खिलाफ लड़ाई में वैश्विक प्रतिबद्धताओं और मानकों को पूरा करने में इस्लामाबाद के प्रदर्शन की पूरी तरह समीक्षा के बाद उसके ग्रे सूची में बने रहने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

27 में 21 कार्ययोजनाएं पूरी कर सका पाकिस्तान
घटनाक्रम से जुड़े एक अधिकारी ने कहा कि एफएटीएफ ने पाकिस्तान को आतंकवाद के वित्तपोषण को पूरी तरह रोकने के लिए कुल 27कार्ययोजनाएं पूरी करने की जिम्मेदारी दी थी जिनमें से उसने अभी 21 को पूरा किया है और कुछ काम पूरे नहीं कर सका है।

यह काम पूरे नहीं किये
पाकिस्तान ने जिन कार्यों को पूरा नहीं किया है, उनमें जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख मसूद अजहर, लश्कर-ए-तैयबा प्रमुख हाफिज सईद और संगठन के ऑपरेशनल कमांडर जाकिउर रहमान लखवी जैसे संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिबंधित आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करना शामिल है।

ग्रे सूची में बने रहना तय
इसके अलावा एफएटीएफ ने इस बात का पुरजोर संज्ञान लिया है कि आतंकवाद रोधी कानून की अनुसूची पांच के तहत पाकिस्तान की 7,600आतंकियों की मूल सूची से 4,000 से अधिक नाम अचानक से गायब हो गए। अधिकारी ने कहा, ‘इन हालात में लगभग तय है कि पाकिस्तान एफएटीएफ की ग्रे सूची में बना रहेगा।’

Exit mobile version