पड़ोसी देश पाकिस्तान में वहां की सरकार ने रात 10 बजे के बाद शादी समारोहों पर रोक लगा दी। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के आदेश पर ये प्रतिबंध लागू किए गए हैं। सूत्रों ने बताया कि इसके अलावा, शादी में मेहमानों को केवल एक डिश परोसने की ही अनुमति होगी। इस नए प्रतिबंध के संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस्लामाबाद पुलिस और प्रशासन को प्रतिबंध सख्ती से लागू करने के लिए कहा गया है। इसका उल्लंघन करने पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।
वहीं दूसरी ओर पाकिस्तानी केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सरकारी कार्यालयों में अब शनिवार को साप्ताहिक अवकाश बहाल करने की मंजूरी दी है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री मरियम औरंगजेब ने एक महत्वपूर्ण केंद्रीय कैबिनेट बैठक के बाद ये घोषणा की।
कैबिनेट की बैठक प्रधानमंत्री शरीफ की अध्यक्षता में हुई। जिसमें चर्चा हुई कि सरकार ऊर्जा संकट से कैसे निपटे। जिसके कारण जनता को घंटों बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। औरंगजेब के अनुसार, बिजली विभाग ने अंतर्राष्ट्रीय बाजार में तेल,गैस की ऊंची कीमतों के बीच बिजली कमी से निपटने के लिए ऊर्जा संरक्षण योजना प्रस्तुत की। वित्त विभाग ने भी इसके लिए योजना पेश की।
Read also: Corona Crisis: कोरोना की चौथी लहर और मंकीपाक्स को लेकर सीएम योगी ने दिए टीम 9 को निर्देश
बैठक के दौरान कैबिनेट ने शनिवार को छुट्टी का दिन घोषित करने को मंजूरी दी। ऊर्जा की बचत के लिए शाम सात बजे तक बाजार बंदी पर कोई फैसला नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को वर्क फ्रॉम होम करने और बाजारों को जल्दी बंद करने की अनुमति के सुझाव हैं। कैबिनेट उप-समिति का गठन कर इस पर विचार किया जाएगा। व्यावसायिक क्षेत्र के हितधारकों के साथ इस बारे में परामर्श किया जाएगा।
