Site icon Buziness Bytes Hindi

विश्व कप के मैच तटस्थ स्थान पर खेल सकता है पाकिस्तान: वसीम खान

world cup

एशिया कप की तर्ज़ पर पाकिस्तान टीम भी भारत में होने वाले ODI विश्व कप में अपने सभी मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेलना चाहती है. इस खबर को अगर चटपटा बनाना चाहें तो कह सकते हैं पाकिस्तान की टीम भारत में विश्व कप नहीं खेलेगी। दरअसल एशिया कप जो कि पाकिस्तान की मेज़बानी में पाकिस्तान में खेला जाना है भारत ने वहां जाकर खेलने से इंकार कर दिया है, जिसके बाद काफी विवाद हुआ और अंत में सहमति इस बात बनी कि एशिया कप में भारत के सभी मैच पाकिस्तान के बाहर खेले जायेंगे, हालाँकि स्थान अभी तय नहीं हुआ है.

पूर्व पीसीबी चेयरमैन ने कही ये बात

इसी के बाद से पाकिस्तानी मीडिया के हवाले से ये खबर आयी कि पाकिस्तान भी ODI विश्व कप खेलने भारत नहीं जायेगा बल्कि अपने सभी मैच किसी तीसरी जगह, बांग्ला देश या श्रीलंका में खेलने को तैयार है, पाकिस्तान ने भी सुरक्षा को मुद्दा बनाया है और जल्द ही ICC को इस बारे में अवगत कराने की बात कही गयी है. दरअसल इस बात को बल तब और मिला जब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम खान जोकि इस समय आईसीसी में जनरल मैनेजर हैं ने दावा किया कि एशिया कप के डेवलपमेंट के बाद अब पाकिस्तान ODI विश्व कप के लिए किसी तटस्थ स्थान को चुनेगा।

ICC भी तैयार कर रही है रोड मैप

वसीम खान के मुताबिक वो पक्के तौर पर तो नहीं कह सकते कि पाकिस्तान भारत खेलने जायेगा या नहीं लेकिन उम्मीद यही है कि वो एशिया कप मॉडल की तरफ जाना चाहेगा, वसीम ने कहा कि उन्हें लगता है कि पाकिस्तान के मैच एशिया कप की तरह किसी तटस्थ जगह पर ही खेले जायेंगे। वसीम की बात से इस बात का अंदाजा लगता है कि ICC भी जानता है कि आने वाले दिनों में यह बात उसके सामने आ सकती है और शायद इस मसले से निपटने के लिए उसने कोई रोड मैप भी बनाना शुरू भी कर दिया हो.

Exit mobile version