Site icon Buziness Bytes Hindi

पाकिस्तान ने माना, कराची में रहता है दाऊद


पाकिस्तान ने माना, कराची में रहता है दाऊद

इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने पहली बार ये कबूला है कि अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम कराची में रहता है। FATF की ‘ग्रे लिस्ट’ से बाहर आने की कोशिशों के तहत पाकिस्तान ने 88 प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों पर कार्रवाई करने की बात कही है। इसी लिस्ट में दाऊद इब्राहिम का नाम शामिल करके पाकिस्तान ने मान लिया है कि दाऊद पाकिस्तान के कराची में ही है।

FATF की ‘ग्रे लिस्ट’ से बाहर आने की कोशिश
रिपोर्ट के मुताबिक इन आतंकी संगठनों और उनके आकाओं की सभी संपत्तियों को जब्त करने और बैंक खातों को सील करने के आदेश दिए गए हैं। पेरिस स्थित एफएटीएफ ( FATF) ने जून, 2018 में पाकिस्तान को ‘ग्रे लिस्ट’ में डाला था और इस्लामाबाद को 2019 के अंत तक कार्ययोजना लागू करने को कहा था लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण इस समय सीमा बढ़ा दी गई थी।

सईद, मसूद अज़हर, दाऊद पर प्रतिबंधों की घोषणा
सरकार ने 18 अगस्त को दो अधिसूचनाएं जारी करते हुए 26/11 मुंबई हमले के साजिशकर्ता और जमात-उद-दावा के सरगना सईद, जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख अजहर और अंडरवर्ल्ड डॉन इब्राहीम पर प्रतिबंधों की घोषणा की थी।

मुंबई धमाकों का वांछित
इब्राहीम 1993 मुंबई बम विस्फोटों के बाद भारत के लिए सबसे वांछित आतंकवादी बन कर उभरा है। पाकिस्तानी समाचार पत्र ‘द न्यूज’ की खबर के अनुसार पाकिस्तान सरकार ने हाल ही में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) द्वारा जारी नई सूची के अनुपालन में आतंकवादी समूहों के 88 आकाओं और सदस्यों पर प्रतिबंध लगाये हैं।

Exit mobile version