Site icon Buziness Bytes Hindi

फर्जी आरोग्य सेतु एप से जवानों को टारगेट करने की फिराक में पाक


फर्जी आरोग्य सेतु एप से जवानों को टारगेट करने की फिराक में पाक

नई दिल्ली – पाकिस्तान भारतीय जवानों के लिए लगातार मुसीबतें खड़े करने की कोशिश में जुटा रहता है. इस बार उसने कोविड से लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने वाले आरोग्य सेतु के फर्जी एप बनाकर जवानों को टारगेट करने की कोशिश की है. भारतीय सेना ने पता चलने पर एडवाइजी जवानों को जारी की है. इसमें बताया गया है कि पाकिस्तान आरोग्य सेतु एप की डिजाइन के फेक मैलिसियस (वायरस युक्त) एप्लिकेशन से भारतीय जवानों के फोन हैक करने का प्रयास कर रहा है.इसलिए जवान एलर्ट रहें.

आरोग्य सेतु.एपीके नाम का फेक एप
सेना ने कहा कि पाकिस्तान ने आरोग्य सेतु.एपीके नाम का फेक एप बनाया है. यह भारतीय जवानों के वॉट्सएप ग्रुप में पाकिस्तान के इंटेलीजेंस ऑपरेटर्स की ओर से भेजा गया है. आर्मी के वरिष्ठ सूत्रों ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि पाकिस्तानी एजेंसियां भारतीय नामों के सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर भारतीय सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाती है.

अनुष्का चोपड़ा’ के नाम से बना फर्जी अकाउंट
सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी इंटेलीजेंस ने ‘अनुष्का चोपड़ा’ नाम से फर्जी अकाउंट बनाया है. इससे भी भारतीय सुरक्षा कर्मियों को मैलिसियस एप्लीकेशन भेजे जा रहे हैं. सेना ने अपनी चेतावनी में जवानों को एप डाउनलोड करते समय अधिक सतर्क रहने को कहा है. सेना ने कहा है कि आरोग्यसेतु ऐप केवल सरकारी वेबसाइट (माइजीआेवीडॉटइन) या एंड्रायड प्लेस्टोर और आईओएस एप्पल प्ले स्टोर से डाउनलोड करें. कोरोनावायरस संक्रमण के चलते सभी सुरक्षा बलों के जवानों से आरोग्यसेतु एप्लिकेशन डाउनलोड करने के लिए कहा गया है. यह एप सरकारी एजेंसियों ने विकसित किया है और लगभग सभी सरकारी कर्मचारी इसका इस्तेमाल कर रहे हैं.

कैसे सेंध लगाता है यह एप?

फेक ऐप डाउनलोड होने के बाद यूजर से कई अन्य तरह के एप्लीकेशन पैकेज इंस्टॉल करने की इजाजत मांगता है. यस क्लिक करते ही यह आपके फोन में मौजूद सारी जानकारियों तक पहुंच जाता है. ये जानकारियां पाकिस्तान में बैठी इंटेलीजेंस टीम तक पहुंच जाती है.

Exit mobile version