वर्सेस्टर। पाकिस्तान टेस्ट टीम के कप्तान अजहर अली ने कहा कि खिलाडिय़ों को इंग्लैंड की परिस्थितियों से तालमेल बैठाने में समय लगेगा. पाकिस्तान को इंग्लैंड में तीन मैचों की टेस्ट सीरीज और इतने ही मैचों की टी-20 सीरीज खेलनी है. तीन महीने के अंतराल के बाद टीम ने 30 जून को अभ्यास पर वापसी की.
आसान नहीं होगी शुरुआत
अजहर ने कहा कि हम लंबे अरसे बाद क्रिकेट खेल रहे हैं और पूरी ताकत के साथ शुरू करना आसान नहीं रहने वाला है. हमें कदम दर कदम आगे बढऩा होगा. मैं इस बात को लेकर खुश हूं कि खिलाड़ी अभ्यास के समय और चार दिवसीय मैच के समय का अच्छे से उपयोग कर रहे हैं.
अभ्यास से मिलता है फायदा
उन्होंने कहा, मायने नहीं रखता कि आप कितना भी अभ्यास कर लें, मैच खेलना हमेशा से फायदेमंद होता है. अगर आप अपने अभ्यास का आधा घंटा मैच जैसी परिस्थिति में बिताएंगे तो आपको आत्मविश्वास आएगा.
13 से शुरू होगा पहला टेस्ट
पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच का पहला मैच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रेफर्ड में 13 से 21 अगस्त के बीच खेला जाएगा. अजहर ने कहा, बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने परिस्थतियों से तालमेल बिठा लिया है. गेंदबाजों को शुरुआत में हवा से परेशानी हो रही थी, लेकिन उन्होंने इससे पार पा लिया है, जो काफी अच्छी बात है. उन्होंने कहा, निश्चित तौर पर खिलाडिय़ों को तालमेल बैठाने के लिए कुछ समय की जरूरत है. ब्रेक के बाद खिलाड़ी अच्छी लय में हैं जो सकारात्मक बात है.

