Site icon Buziness Bytes Hindi

ऑक्सीजन की मॉक ड्रिल करने वाला आगरा का पारस हॉस्पिटल सीज, 22 कोरोना मरीज़ों की हुई थी मौत


ऑक्सीजन की मॉक ड्रिल करने वाला आगरा का पारस हॉस्पिटल सीज, 22 कोरोना मरीज़ों की हुई थी मौत

नई दिल्ली: ऑक्सीजन की मॉक ड्रिल करने वाले आगरा के पारस हॉस्पिटल को सीज़ कर दिया गया है, इस मॉक ड्रिल के कारण 22 कोरोना मरीज़ों की मौत होने की बात कही जा रही है. इस मामले में कल से एक वीडियो वायरल हुआ है इसमें डॉक्टर को ये कहते हुए सुना जा रहा है कि 26 अप्रैल को अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ गई थी. इस वजह से 5 मिनट के लिए ऑक्सीजन सप्लाई बंद कर दी जाय.

हड़कंप मचने के बाद एक्शन
इस वीडियो के वायरल होने के बाद आगरा से लखनऊ तक हड़कंप मचने के बाद जिलाधिकारी आगरा ने पारस हॉस्पिटल को सीज़ करने के आदेश दे दिए हैं. पारस हॉस्पिटल के संचालक डॉ अरिंजय जैन के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा कायम होगा. यह मुकदमा उनके द्वारा वीडियो में मोदीनगर में ऑक्सीजन खत्म होने की भ्रामक सूचना के कारण दर्ज किया जाएगा.

शिफ्ट हो रहे हैं मरीज़
हॉस्पिटल में 55 मरीज भर्ती हैं. मौके पर सीएमओ आगरा को बुला लिया गया है और हॉस्पिटल के सभी मरीजों को उचित हॉस्पिटल में शिफ्ट कराने की कार्यवाही शुरू हो रही है. इस पूरी घटना पर लखनऊ से लेकर आगरा तक हड़कंप मचा हुआ है. लखनऊ से पूरी घटना की जांच की मॉनीटरिंग की जा रही है. अभी हॉस्पिटल को सीज किया गया है.

आरोपों से किया इंकार
वायरल वीडियो मामले में डॉ. अरिंजय ने ये बात तो मानी है कि आवाज उन्हीं की है, लेकिन वो बाक़ी सारे आरोपों को खारिज करते हैं.

Exit mobile version