Site icon Buziness Bytes Hindi

आत्मनिर्भर बिहार बनाना हमारा लक्ष्य: प्रधानमंत्री मोदी


आत्मनिर्भर बिहार बनाना हमारा लक्ष्य: प्रधानमंत्री मोदी

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का लक्ष्य बिहार को आत्मनिर्भर बनाना, कानून का राज बनाये रखना और सभी को समान अवसर मुहैया कराना है।

ट्वीट की श्रंखला
राज्य में हो रहे विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए श्री मोदी ने सिलसिलेवार ट्वीट करते हुए आज कहा , “
आत्मनिर्भर बिहार में…हमारा लक्ष्य है – कानून का राज बनाए रखना, हमारा उद्देश्य है – गरीबों का कल्याण,हमारा मिशन है – युवाओं को अवसर, महिलाओं की सुरक्षा, हमारा मंत्र है – सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वासजय बिहार, जय भारत !”

विकास का सबसे बड़ा दुश्मन भ्रष्टाचार
अगले टि्वट में उन्होंने कहा , “ विकास का सबसे बड़ा दुश्मन भ्रष्टाचार है। यह गरीबों से उनका अधिकार छीनता है। बैंक खातों, आधार और मोबाइल को जोड़कर एनडीए सरकार ने गरीबों को उनका अधिकार दिया है और काली कमाई के अनेक रास्ते बंद कर दिए हैं। अब अधिकांश योजनाओं का पैसा गरीबों के बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर हो रहा है। बिहार का गरीब आज आश्वस्त है कि उनके ही जैसा गरीबी में पैदा हुआ पिछड़े समाज का उनका सेवक आज दिल्ली में काम कर रहा है और यह सुनिश्चित कर रहा है कि एक भी गरीब भूखा न सोए। कोरोना के इस कठिन समय में उन्हें मुफ्त राशन और सहायता सुनिश्चित की जा रही है।”

आत्मनिर्भर बिहार की नींव
चुनाव प्रचार के दौरान अपनी रैलियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “ पिछले दिनों मुझे बिहार के अपने भाइयों-बहनों से मिलकर उनका आशीर्वाद लेने का अवसर मिला। सासाराम में पहली रैली से लेकर सहरसा में आखिरी रैली तक जनता ने हमेशा की तरह ढेर सारा प्यार दिया। एक जनसेवक के रूप में बिहार की भूमि का चरण स्पर्श मुझे जनसेवा के लिए और प्रतिबद्ध करता है। बिहार ने हमेशा लोकतंत्र के मूल्यों को ही सर्वोच्च माना है। इसलिए बिहार के लोग सुशासन की राजनीति ही पसंद करते हैं। राजनीतिक चेतना से लेकर सामाजिक मंथन तक, तीज-त्योहार से लेकर खान-पान तक बिहार अद्भुत है। यही बिहार की प्राणवायु है। यही आत्मनिर्भर बिहार की नींव है।”

Exit mobile version