- सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, सरकार बदलते ही अधिकारी भी बदलेंगे
लखनऊ। समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों के घरों पर इनकम टैक्स विभाग के छापे को लेकर भड़के अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार को डर लग रहा है कि कहीं यूपी में सपा की सरकार ना बन जाए इसलिए वह इनकम टैक्स विभाग का इस्तेमाल कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर फोन टैपिंग का आरोप लगाते हुए कहा कि जब-जब चुनाव होते हैं भाजपा फोन रिकाॅर्ड करती है। अब समाजवादी पार्टी के नेताओं के फोन टेप किए जा रहे हैं जिसकी रिकाॅर्डिंग खुद सीएम सुनते हैं।
Read also: मायावती बोली, समाजवादी पार्टी से सवाधान रहें दलित
लखनऊ में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी सरकार बनते ही अधिकारी भी बदल दिए जाएंगे। जो इधर बुलडोजर चला रहे हैं वह उधर भी जाकर बुलडोजर चलाएंगे। सीएम योगी पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि वह कहते हैं कि 24 घंटे काम करते हैं।
अरे जो सोते नहीं है वह काम क्या करेंगे? सपा अध्यक्ष ने कहा कि इनकम टैक्स के छापे मारे जाने से यह जाहिर हो गया है कि भाजपा को सरकार में फिर न लौटने का पूरा भरोसा है। यह छापे बताते हैं उत्तर प्रदेश में अनुपयोगी सरकार बदलने जा रही है। लखीमपुर, हाथरस की शर्मनाक घटना, युवाओं के साथ छल, पेपर लीक होना अनुपयोगी सरकार की ही देन है। खाद की बोरियों में से 5 किलो खाद की चोरी भी सरकार नहीं रोक पा रही है। सच लिखने और दिखाने वाले पत्रकारों के घर भी छापे डाले जा रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि जो तरीके कभी कांग्रेस अपनाती थी वही आज भाजपा अपना रही है। लेकिन यूपी को बर्बाद करने वाली योगी सरकार से अधिक अनुपयोगी कोई नहीं हो सकता। गृह राज्य मंत्री टेनी को बचाने का आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इसको देखते हुए जनता ने सरकार बदलने का मन बना लिया है।
Read also: अखिलेश यादव ने दिया राकेश टिकैत को सपा में शामिल होने का न्यौता
अखिलेश यादव के साथ पत्रकार वार्ता में मौजूद सपा प्रवक्ता राजीव राय ने कहा कि इनकम टैक्स अधिकारियों ने मुझसे अनिल कुमार पांडे के बारे में पूछा जो मेरे फिजियोथैरेपिस्ट हैं। मेरा सवाल है कि उन्हें कैसे पता कि मैं अनिल कुमार पांडे से बात करता हूं। इससे साफ जाहिर होता है कि मैं हमारे फोन सुनते हैं। मैंने कोरोना काल में छात्रों की मदद की तो अधिकारी मुझसे पूछते हैं कि आप इतने पैसे कहां से लाते हो।

