Site icon Buziness Bytes Hindi

ओसाका और ब्राडी ने जीते मुकाबले


ओसाका और ब्राडी ने जीते मुकाबले

न्यूयॉर्क। नाओमी ओसाका और जेनिफर ब्राडी ने सीधे सेटों में जीत दर्ज करके यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल के सेमीफाइनल में जगह बनाई जबकि पुरुष वर्ग में अलेक्सांद्र जेवरेव इस साल दूसरी बार ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के अंतिम चार में पहुंचे. ओसाका का सेमीफाइनल में ब्राडी से मुकाबला होगा.


ओसाका ने शेल्बी रोजर्स को सीधे सेटों में मात दी. यहां आर्थर ऐस स्टेडियम में खेले गए महिला एकल के क्वार्टर फाइनल मैच में ओसाका ने 79 मिनट तक चले मुकाबले में रोजर्स को 6-3, 6-4 से हराकर करियर में दूसरी बार टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया. ओसाका ने सात ऐस लगाए और उन्होंने बेसलाइन पर भी अच्छा खेल दिखाया. रोजर्स ने ओसाका के खिलाफ अपनी गलती से 27 बार अंक गंवाए जबकि ओसाका ने ऐसा केवल आठ बार किया. सेमीफाइनल में अब ओसाका का सामना 28वीं सीड जेनिफर ब्राडी से होगा.

अमेरिका की 28वीं वरीयता प्राप्त ब्राडी ने कजाखस्तान की 23वीं वरीय यूलिया पुतिनसेवा को 6-3, 6-2 से पराजित किया. ब्राडी ने बेसलाइन से अपना दबदबा बनाया. उन्होंने पहले सेट में 4-0 और दूसरे सेट में 2-0 की बढ़त बनाई. इस बीच पुरुष वर्ग में पांचवीं वरीयता प्राप्त जर्मन खिलाड़ी जेवरेव ने क्रोएशिया के 27वें वरीय बोर्ना कोरिच के खिलाफ 12 डबल फॉल्ट और 46 गलतियों के बावजूद 1-6, 7-6 (5), 7-6 (1), 6-3 से जीत दर्ज की. जेवरेव इस साल के शुरू में आस्ट्रेलियाई ओपन के सेमीफाइनल में भी पहुंचे थे लेकिन वहां से आगे नहीं बढ़ पाए थे. उन्हें तब डोमिनिक थीम ने हराया था.

Exit mobile version