लखनऊ। प्रदेश में तेजी से गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। जिसके चलते प्रदेश के अधिकांश जिलों में उल्टी दस्त वाले मरीजों की संख्या में इजाफा हो गया है। प्रदेश के सभी जिलों में अब निजी अस्पतालों से लेकर सरकारी अस्पताल में उल्टी दस्त के मरीजों की भीड़ से ओपीडी फुल हो गई है। सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में सरकारी अस्पताल की स्थिति इन मरीजों से बेकाबू हो गई। गाजियाबाद जिले में तो एमएमजी अस्पताल में ही 2128 नए मरीज पहुंच जबकि डेढ़ हजार पुराने मरीजों का इलाज पहले से चल रहा है।
Read also: जेल में बंद पत्रकारों से मिलने पहुंचे सपा विधायकों को नहीं मिली अनुमति
लखनऊ के सरकारी अस्पतलाों का भी यहीं हाल रहा। राजधानी लखनऊ में उल्टी दस्त से पीड़ित मरीजों की संख्या पांच हजार पार हो गई है। जिनका उपचार ओपीडी में किया गया। मरीजों की अधिक संख्या होने के कारण ओपीडी में चिकित्सकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं दवा काउंटर पर सोमवार को इतनी भीड़ उमड़ गई कि भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस तक को भी बुलाना पड़ गया।
चिकित्सकों का कहना है कि जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है वैसे-वैसे ही बीमारी भी लोगों को अपनी चपेट में ले रही है। खासतौर से उल्टी दस्त और बुखार के मरीजों की संख्या में एकाएक इजाफा हुआ है। भीड़ अधिक होने के कारण थोड़ी सी परेशानी जरूर हो रही है। लेकिन जितने भी मरीज अस्पताल में पहुंच रहे हैं। कोशिश की जा रही है कि सभी मरीजों को समय पर ही चिकित्सा मुहैया कराई जा सके।
Read also: CM Yogi ने इन जिलों के लिए जारी किये विशेष अलर्ट
जिस तरह से गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है। इससे बचाव के लिए लोगों को खुद भी जागरूक होने की आवश्यकता है। यदि कोई जरूरी काम ना हो तो बेवजह धूप में बाहर निकलने से बचा जाए और यदि घर से बाहर निकलना भी पड़ रहा है तो सर के ऊपर कपड़ा रखकर ही निकलें। समय-समय पर शुद्ध पानी पीते रहें। ताजे फल व सब्जियों का भी सेवन करें। यदि संभव हो तो नींबू की शिकंजी और जूस का भी इस्तेमाल करें। हमेशा ताजा भोजन ही ग्रहण करें।यदि इन सब बातों का ध्यान रखा जाए तो निश्चित तौर पर गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचा जा सकता है।
