लखनऊ के रहने वाले हैं दोनों वकील, विकास दुबे से कड़ी जुड़ने की आशंका
गैंगस्टर विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद मध्य प्रदेश के उज्जैन से लखनऊ के 2 वकील हिरासत में लिए गए हैं. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस दोनों वकीलों से पूछताछ कर रही है. बताया जा रहा है कि दोनों वकील निजी गाड़ी से उज्जैन आए थे. दोनों वकीलों का विकास की गिरफ्तारी जोड़कर देखा जा रहा है और जांच की जा रही है.उधर, मध्य प्रदेश पुलिस दोपहर 12:30 बजे विकास दुबे को कोर्ट में पेश करेगी. कोर्ट में पेशी के बाद गैंगस्टर विकास दुबे को यूपी पुलिस रिमांड पर लेगी.
सीएम योगी से सीएम शिवराज ने की बात
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विकास दुबे की उज्जैन से गिरफ्तारी के मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर चर्चा की है.मध्य प्रदेश पुलिस विकास दुबे को उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंप देगी. मध्य प्रदेश सीएम ने सीएम योगी आदित्यनाथ से बातचीत की जानकारी सार्वजनिक करते हुए कहा कि मैंने यूपी के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ से बात कर ली है. शीघ्र आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
बिहार के डीजीपी ने जताई खुशी
बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने विकास दुबे की गिरफ्तारी पर खुशी जताई है और कहा है कि अब कानून पुलिसवालों के हत्यारे का हिसाब करेगा. डीजीपी ने साफ कहा कि ऐसे लोगों की ताकत एके-47 नहीं बल्कि उनके जाति के नाम की ढाल होती है. डीजीपी के मुताबिक विकास दुबे जैसे देश में कई अपराधी हैं लेकिन वो जाति और मजहब के नाम पर जनसमर्थन हासिल कर लेते हैं. इसी के दम पर वो शासन से सौदेबाजी कर करने लगते हैं. कुछ लोगों ऐसे लोगों को महिमामंडित कर हीरो की तरह पेश करते हैं. लेकिन ये भूल जाते हैं कि विकास दुबे जैसा अपराधी किसी जात या मजहब का सगा नहीं होता.
डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने यहां तक कहा कि कुछ लोगों के समर्थन ने विकास दुबे को इतना दुस्साहसी बना दिया कि वो 8 पुलिसवालों की जान लेने में हिचका तक नहीं. वरना ऐसे अपराधियों को हैंडल करने के लिए पूरी फोर्स की बात छोड़ दी जाए, इसके लिए तो एक थानेदार ही काफी है. डीजीपी के मुताबिक अपराध की संस्कृति को खत्म करने के लिए ऐसे खूंखार अपराधियों का महिमामंडन बंद करना बेहद जरूरी है.

