- आरजेडी प्रमुख लालू यादव ने कसा पीएम मोदी पर तंज
- सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं लालू यादव
पटना। आरजेडी प्रमुख लालू यादव की तबियत भले ही खराब हो मगर विपक्ष पर चुटीले अंदाज में तंज कसने का कोई मौका वह छोड़ते नहीं हैं। इन दिनों सोशल मीडिया पर सक्रिय लालू प्रसाद यादव ने बढ़ती महंगाई को लेकर पीएम मोदी पर तंज कसा है। आरजेडी प्रमुख ने ट्वीट किया ‘15 लाख रुपये, दो करोड़ नौकरी, दोगुनी आय और अच्छे दिनों के इस आभासी दौर में अपनी कार को ही हवाई जहाज समझ कर भक्ति रस में डूब, महंगाई की पीड़ा सहती रहो।’ आरजेडी मुखिया का इशारा साफ तौर पर पीएम मोदी द्वारा किये गये वादों की ओर था।
Read also: बिहार चुनावः लालू यादव ने नितीश कुमार को बताया गिद्ध
लालू यादव का एक ट्वीट रविवार को भी चर्चा में रहा जिसमें उन्होंने महंगाई को संबोधन करते हुए पूछा था, ऐ महंगाई, तुम डबल इंजन सरकार की क्या लगती हो? सरकार को निशाने पर लेते हुए लालू यादव ने आगे लिखा था ‘गैस, तेल, पेट्रोल-डीजल, सब्जी सब महंगा करके यह सरकार आम आदमी को बेशर्मों की तरह लूट रही है।’
वहीं लालू के ट्वीट के जवाब में भाजपा प्रवक्ता प्रेमरंजन पटेल ने कहा कि लालू यादव यह भी बतायें की चारा घोटाला, अलकतरा घोटाला, जमीन घोटाला उनके कौन लगते हैं? जनता का पैसा उन्होंने खुद भी लूटा और अपने मंत्रियों को भी लूट करने की छूट दी थी। लालू यादव खुद भी जेल गए और उनके कई मंत्री भी।
Read also: बिहार उपचुनाव में कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची में यादव से परहेज, उठने लगे सवाल
अब उपचुनाव की जंग में भाजपा और आरजेडी के बीच जुबानी जंग तो चलती ही रहेगी मगर लालू के चुटीले तंज लोगों के बीच चर्चा का विषय जरूर बने हुए हैं। अब देखना होगा कि लालू का यह खास अंदाज उनकी पार्टी को उपचुनाव में जीत दिला पाता है या यह सिर्फ लोगों का टाइमपास बनकर रह जायेगा।

