Site icon Buziness Bytes Hindi

नंबर वन जोकोविक को हुआ कोरोना


नंबर वन जोकोविक को हुआ कोरोना

नई दिल्ली। दुनिया के नंबर वन पुरुष टेनिस स्टार नोवाक जोकोविक का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आया है. इस सर्बियाई टेनिस खिलाड़ी ने हाल ही में सर्बिया और क्रोएशिया में आयोजित प्रदर्शनी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था जहां कई खिलाडिय़ों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था. उसके बाद नोवाक ने अपनी जांच कराई थी. बता दें कि फाइनल के रद होने के बाद वह क्रोएशिया से चले गए थे और बेलग्राद में उनका परीक्षण हुआ.

विक्टर ट्रॉइकी का भी टेस्ट पॉजिटिव
इससे पहले प्रदर्शनी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले विक्टर ट्रॉइकी ने मंगलवार को कहा कि वह और उनकी गर्भवती पत्नी दोनों कोरोना वायरस से संक्रमित हैं. सर्बिया के खिलाड़ी ट्रॉइकी दो चरण की प्रतियोगिता के पहले चरण में बेलग्राद में जोकोविक के खिलाफ खेले थे. ट्रॉइकी विश्व रैंकिंग में शीर्ष 20 में शामिल रह चुके हैं. दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी जोकोपिच एड्रिया टूर का चेहरा था. एड्रिया टूर प्रदर्शनी मैचों की सीरीज थी जिसकी शुरुआत सर्बिया की राजधानी में हुई और पिछले वीकेंड क्रोएशिया के जदर में मैचों का आयोजन हुआ.

कई अन्य भी संक्रमित
इससे पहले तीन बार ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल में जगह बनाने वाले बुल्गारिया के ग्रिगोर दिमित्रोव ने रविवार को कहा था कि वह कोरोना वायरस के लिए पॉजिटिव पाए गए हैं. दिमित्रोव के खिलाफ खेलने वाले बोर्ना कोरिच ने भी सोमवार को कहा था कि वह भी पॉजिटिव पाए गए हैं. इन दोनों ही देशों में मैचों के दौरान सामाजिक दूरी के नियमों का पालन नहीं किया गया था.

Exit mobile version