पेरिस: दुनिया भर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 5,405,096 तक पहुंच गई है। इस वायरस से मरने वालों का आंकड़ा 343,982 हो गया है। वहीं 2,247,322 लोग ठीक भी हो चुके हैं। चीन में पिछले 24 घंटों में संक्रमण का कोई नया मामला दर्ज नहीं किया गया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा कि दक्षिण अमेरिका कोरोना महामारी का नया केंद्र बन गया है। ब्राज़ील में 3,30,890 लोग कोरोना संक्रमित, हैं जबकि 21,048 की मौत हुई है। वहीं अमेरिका में मरने वालों की संख्या 97 हजार के पार पहुंच गई है।
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक अमेरिका में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस से 1,127 मौतें हुईं, अमेरिका में कोरोना वायरस से होने वाली मौतों का आंकड़ा बढ़कर 97,048 हुआ। वहीं सेंटर फोर डिजीज कंट्रोल का अनुमान है कि अमेरिका में एक जून से पहले ही मरने वालों की कुल संख्या एक लाख पार कर जाएगी। अमरीका में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या किसी भी देश अधिक है। अमरीका के बाद ब्रिटेन में सबसे ज़्यादा लोगों की जान गई है। ब्रिटेन में कोरोना वायरस से अब तक 36,757 लोगों की मौत हुई है।
जर्मनी में लॉकडाउन में ढील दिए जाने के बाद एक धार्मिक समारोह में शामिल होने वाले 40 से भी अधिक लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।10 मई को हुए इस कार्यक्रम के फौरन बाद 6 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके कुछ दिनों पहले ही जर्मनी में धार्मिक स्थलों को खोले जाने की अनुमति दी गई थी। जर्मनी में लॉकडाउन के नियमों में छूट दिए जाने के बाद चर्च में हुए एक प्रार्थना सभा में शिरकत करने वाले 40 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। 10 मई को फ्रैंकफर्ट के एक चर्च में हुई प्रार्थना सभा में ये लोग शामिल हुए थे। वहीं चर्च के अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने सोशल डिस्टेन्सिंग के सभी नियमों का पालन किया था, साथ ही पूरे चर्च को भी डिसइनफेक्ट किया गया था। फिलहाल चर्च को बंद कर दिया गया है।
इस साल मार्च महीने के बाद से पहली बार न्यूयॉर्क में कोरोना के कारण हो रही मौतों का आंकड़ा 100 से कम रहा है। न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्रू कूमो ने बताया कि बीते चौबीस घंटों में यहां 84 लोगों की मौत कोरोना से हुई है। वहीं शनिवार को यहां 108 मौतें हुई थीं। न्यूयॉर्क देश में कोरोना के कारण सबसे बुरी तरह प्रभावित क्षेत्र था। अप्रैल में यहां एक दिन में एक हज़ार से ज्यादा लोगों की मौत दर्ज की गई थी। बता दें कि न्यूयॉर्क में कोरोना वायरस के मामले कम ज़रूर हो रहे हैं लेकिन अमेरिका में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

