राम मंदिर की वजह से अयोध्या के डेवलपमेंट और इस शहर के प्रति बढ़ते क्रेज़ और आने वाले दिनों में पर्यटकों, यात्रियों और श्रद्धालुओं की बढ़ने वाली संख्या को ध्यान में रखते हुए मोबिलिटी ऐप उबेर ने अयोध्या में अपनी सेवाओं की शुरुआत कर दी है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरी झंडी दिखाकर गुलाबी रंग की उबेर ऑटो को रवाना किया, इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अयोध्या धाम में रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह से पहले आज श्रद्धालुओं व आमजनों के सुगम आवागमन के लिए ई-बसों का भी फ्लैग ऑफ किया। इसके साथ ही इस अवसर पर डिजिटल टूरिस्ट मोबाइल ऐप ‘दिव्य-अयोध्या’ व अयोध्या पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ भी हुआ।
फ्लैग ऑफ़ कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या को वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान दिलाने हेतु हम संकल्पित हैं। इसके साथ ही ‘वृहद स्वच्छता अभियान’ का शुभारंभ भी हुआ और कूड़ा निस्तारण एवं स्वच्छता से संबंधित वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नव्य अयोध्या की दिव्यता व पवित्रता को अक्षुण्ण रखने के लिए हम समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ अयोध्या ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में 21 जनवरी तक स्वच्छता अभियान चलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या धाम सूर्यवंश की राजधानी भी है और मैं आज एलान करता हूँ कि अयोध्या जल्द ही देश की पहली सोलर सिटी बनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रभु की सेवा करने का हमें अवसर मिला है, हम सौभाग्यशाली है कि आज इस अवसर के हम सहभागी बने हैं. उन्होंने कहा कि ये इलेक्ट्रिक बसें अयोध्या धाम को प्रदूषण से बचाएंगी और अयोध्या धाम को चमकाएगीं। उन्होंने कहा कि अभी हमने 200 इलेक्ट्रिक बसें दी हैं और जल्द ही इनकी संख्या बढ़ाकर 500 की जाएगी।